Bihar Crime:10-15 लोगों ने घर पर बोला धावा, लाठी-रॉड से हमला, 4 घायल
Bihar Crime:जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है।...
Bihar Crime: वैशाली के महनार थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। आरोप है कि 10 से 15 की संख्या में पहुंचे लोगों ने एक परिवार के घर पर धावा बोल दिया और लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट की इस घटना में चार लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला महनार थाना क्षेत्र के खरजम्मा गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि 17 सितंबर की देर रात 10 से 15 लोग लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर राजीव चौधरी के घर पहुंचे। इसके बाद परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
हमले में राजीव चौधरी समेत परिवार के कई सदस्य घायल हुए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए महनार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बताई जा रही है।इधर, मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग आपस में मारपीट करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और घटना से उनके संबंध की भी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।पुलिस अब जमीन विवाद की पृष्ठभूमि, दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद और वायरल वीडियो समेत घटना से जुड़े तमाम साक्ष्यों की जांच कर रही है। मारपीट में कितने लोग घायल हुए और घटना में किन-किन लोगों की भूमिका थी, इसका स्पष्ट आकलन भी पुलिस जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार