Bihar Crime: छठी के जश्न में जमकर बरसीं लाठियां, खुशी का माहौल बना खौफ का मंजर, एक घायल की हालत गंभीर

Bihar Crime: बच्चे के जन्म की छठी का जश्न चल रहा था,जश्न की रौनक अपने चरम पर थी। लेकिन ये खुशियां कुछ ही पलों में दहशत में बदल गई।...

Vaishali Lathis rain at Chhathi fest joy turns fear one crit
छठी के जश्न में बरसीं लाठियां- फोटो : reporter

Bihar Crime: वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के टाड़ा चौड़ी गांव में एक खुशियों भरा समारोह अचानक खूनी झड़प में तब्दील हो गया। बच्चे के जन्म की छठी का जश्न चल रहा था, घर में रिश्तेदारों की भीड़, हंसी-खुशी का माहौल और जश्न की रौनक अपने चरम पर थी। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि ये खुशियां कुछ ही पलों में दहशत में बदल जाएंगी।

पीड़ित पहलाद कुमार झा के घर पर कार्यक्रम के लिए निजी जमीन पर जेनरेटर लगाया गया था। इसी बात को लेकर गांव के कुछ दबंग किस्म के लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंचे। हाथों में लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लिए ये लोग आते ही गाली-गलौज पर उतर आए। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और पूरा माहौल रणक्षेत्र बन गया।

आरोप है कि हमलावरों ने बिना किसी लिहाज के समारोह में मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिलाओं और रिश्तेदारों को भी नहीं छोड़ा गया। चारों तरफ अफरा-तफरी, चीख-पुकार और भगदड़ का मंजर बन गया। खुशियों से गूंजता आंगन अचानक खौफ के साए में डूब गया।

इस दौरान प्रिस राज नामक युवक को निशाना बनाते हुए उसके सिर पर लोहे की छड़ से जोरदार वार किया गया। वार इतना खतरनाक था कि उसका सिर फट गया और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। खून से सना यह दृश्य देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं पीड़ित परिवार ने महनार थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। लेकिन इस वारदात के बाद पूरे गांव में तनाव और खामोशी का माहौल है। सवाल उठ रहा है कि आखिर कब तक ऐसे दबंग खुलेआम कानून को चुनौती देते रहेंगे और मासूम खुशियों को खून-खराबे में बदलते रहेंगे?

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार