Bihar Crime: बिहार में फायरिंग और लूट, बदमाशों ने युवक को मारी गोली, बाइक-कैमरा लेकर हो गए फरार

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों का खौफनाक तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा। ...

Vaishali Shooting Loot Youth Shot
बदमाशों ने युवक को मारी गोली- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों का खौफनाक तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा। बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर सरेआम गोली और लूट की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। वारदात वैशाली जिले के लालगंज इलाके के तारा चौक के पास हुई, जहां घात लगाए बैठे अपराधियों ने बाइक सवार युवक को निशाना बनाया और गोली मारकर उसे लहूलुहान कर दिया।

जानकारी के मुताबिक युवक बाइक से गुजर रहा था, तभी पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों के गिरोह ने उसे रोक लिया। कुछ समझ पाता उससे पहले ही बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और हमलावर उसकी बाइक, कैमरा और नकदी लेकर फरार हो गए।

गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए। कुछ ही मिनटों में मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और खून से लथपथ युवक को तुरंत इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया।

घायल युवक की पहचान राजापाकर थाना क्षेत्र निवासी शिव बालक कुमार के रूप में हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन वारदात ने इलाके में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है।

घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। मौके पर एसडीपीओ गोपाल मंडल, इंस्पेक्टर समेत दो थानों की पुलिस टीम पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में नाकेबंदी और छापेमारी कर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में वैशाली जिले में लूट, गोलीबारी और राहजनी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। खासकर रात के समय अपराधियों का आतंक बढ़ने से लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाश बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं और पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं।अब बड़ा सवाल यह है कि तारा चौक पर गोली चलाने वाले ये बदमाश कौन थे? क्या पुलिस जल्द इस वारदात का पर्दाफाश कर पाएगी, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में खौफ और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार