बिहार में सड़क पर ‘भीड़ का कानून’!युवा जोड़े को घेरकर छाता से पिटाई और हंसुआ दिखाकर धमकी, बदसलूकी का एक और वीडियो वायरल

वीडियो में हल्की बारिश के बीच सड़क किनारे लोगों की भीड़ युवक-युवती को घेरे नजर आती है। वीडियो में कभी दोनों को छाते से मारते हुए तो कभी एक युवक द्वारा हंसुआ दिखाकर डराते हुए देखा जा सकता है।

Bihar harassed
Bihar harassed - फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार में राह चलते युवा जोड़ों और युवतियों को रोककर उनके साथ बदसलूकी, छेड़खानी और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जमुई और समस्तीपुर के बाद अब समस्तीपुर जिले से ही एक और वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें सड़क पर स्कूटी से जा रहे एक युवक-युवती को भीड़ ने घेर रखा है। वीडियो में दोनों हाथ जोड़कर लोगों से उन्हें जाने देने की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन भीड़ उनकी अपील को अनसुना करती नजर आती है।


वायरल वीडियो को समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो कब का है और मुसरीघरारी थाना क्षेत्र से ही है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न्यूज़4नेशन भी वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।


बारिश के बीच सड़क पर घेरा, हाथ जोड़ते रहे युवक-युवती

वीडियो में हल्की बारिश के बीच सड़क किनारे लोगों की भीड़ युवक-युवती को घेरे नजर आती है। दोनों लगातार लोगों से उन्हें जाने देने की अपील करते दिखाई देते हैं। वे बार-बार कहते हैं कि उनके बीच कोई गलत संबंध नहीं है और उन्हें बेवजह रोका गया है। इसके बावजूद भीड़ का रवैया शांत होता नजर नहीं आता। वीडियो में कभी दोनों को छाते से मारते हुए तो कभी एक युवक द्वारा हंसुआ दिखाकर डराते हुए देखा जा सकता है। भीड़ में मौजूद कुछ लोग दोनों की शादी कराने और उनके परिजनों को बुलाने की बात कहते सुनाई देते हैं।


रोते रहे, हाथ जोड़ते रहे, लेकिन भीड़ नहीं रुकी

वीडियो का सबसे गंभीर पहलू यह है कि युवक-युवती लगातार हाथ जोड़कर और आरजू-मिन्नत करते नजर आते हैं। दोनों लोगों से उन्हें छोड़ देने की गुहार लगाते हैं, लेकिन भीड़ उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी करती रहती है। किसी भी युवक-युवती को महज शक या निजी संबंधों के आधार पर सड़क पर रोकना, भीड़ जुटाना, अपमानित करना या डराना कानून-व्यवस्था और व्यक्तिगत गरिमा से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करता है।


बिहार में लगातार सामने आ रहे ऐसे वीडियो

यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि पिछले कुछ दिनों में बिहार के अलग-अलग जिलों से युवा जोड़ों और युवतियों को घेरकर परेशान करने के वीडियो सामने आए हैं। इससे पहले जमुई में भी एक युवक-युवती के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपियों को पकड़ा। वहीं समस्तीपुर में एक अन्य वायरल वीडियो में नाबालिग लड़की के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया था। पुलिस ने उस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की थी।