केरल के समुद्र में कंटेनर जहाज में लगी भीषण आग तो आईएनएस सूरत बना रखवारा, 18 को बचाया, 6 अस्पताल में भर्ती

सभी छह घायलों को इलाज के लिए मंगलुरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाए गए अन्य 12 लोगों को मंगलुरु के एक होटल में सुरक्षित पहुंचाया गया है।

MV Wan Hai
MV Wan Hai - फोटो : news4nation

MV Wan Hai : आग से प्रभावित सिंगापुर के झंडे वाले कंटेनर जहाज एमवी वान हाई 503 से बचाए गए 18 चालक दल के सदस्यों को लेकर भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस सूरत सोमवार देर रात न्यू मैंगलोर पोर्ट (एनएमपी), पनम्बूर पहुंचा। बचाए गए 18 सदस्यों में से दो गंभीर रूप से घायल हैं और चार को मामूली चोटें आई हैं। 


गंभीर रूप से घायलों में चीन के लू यानली और इंडोनेशिया के सोनितुर हेनी शामिल हैं। मामूली रूप से घायल अन्य लोगों में चीन के जू फबाओ, चीन के गुओ लिनिनो, म्यांमार के थेन थान हेटे और म्यांमार के क्यि जॉ हटू शामिल हैं। सभी छह घायलों को इलाज के लिए मंगलुरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 


पुलिस सूत्रों ने बताया कि बचाए गए अन्य 12 चालक दल के सदस्यों को मंगलुरु के एक होटल में सुरक्षित रूप से पहुंचाया गया है। कोलंबो से मुंबई जा रहे एमवी वान हाई 503 में सोमवार को केरल के बेपोर तट से लगभग 78 समुद्री मील दूर आग लग गई। 


संकट की सूचना पर भारतीय नौसेना के आईएनएस सूरत ने जहाज पर सवार 22 चालक दल के सदस्यों में से 18 को सफलतापूर्वक बचा लिया। बचाए गए लोगों में से 8 चीन से, 4 ताइवान से, 4 म्यांमार से और 2 इंडोनेशिया से हैं।