तमिलनाडु में नहीं चली भाजपा की शर्त, न मनचाही सीटें मिली ना सबसे बड़े नेता के लिए अन्नाद्रमुक ने छोड़ी सीट

तमिलनाडु में भाजपा का कमल खिलाने के प्रयासों के बीच एनडीए में सीटों का बंटवारा हो गया है लेकिन ऐसा लगता है कि पार्टी को मनचाही सीटें नहीं मिली हैं.

Tamilnadu Election
Tamilnadu Election- फोटो : news4nation

Tamilnadu Election : तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले NDA में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो गया है, लेकिन इस समझौते में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को संख्या के लिहाज से बढ़त मिलने के बावजूद राजनीतिक संतोष नहीं मिल पाया है। गठबंधन की सबसे बड़ी सहयोगी एडापड्डी के. पलानीस्वामी की अगुवाई वाली AIADMK ने सीट बंटवारे में अपनी पकड़ मजबूत रखते हुए कई अहम सीटों पर भाजपा की मांगें ठुकरा दीं।


किसे कितनी सीटें मिलीं?

234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में AIADMK को 169 सीटें मिली हैं, जबकि बाकी 65 सीटें सहयोगी दलों में बांटी गई हैं। भाजपा को 27 सीटें, PMK को 18 और AMMK को 11 सीटें दी गई हैं। शेष सीटें छोटे दलों तमिल मनीला कांग्रेस, IJK, TMMK और पुराची भारतम के खाते में गई हैं। ऐसे में एनडीए के भीतर सीट शेयरिंग भले तय हो गई हो, लेकिन BJP को ‘संख्या में बढ़त, असर में कमी’ वाली स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।


‘कठिन’ सीटें और अधूरी मांगें

सूत्रों के मुताबिक BJP को मिली कई सीटें अपेक्षाकृत कठिन मानी जा रही हैं। कोयंबटूर जिले की सिंगनल्लूर, सुलूर और कवंडमपालयम जैसी सीटों पर पार्टी की मांगें पूरी नहीं हुईं। चेन्नई में भाजपा कम से कम तीन सीट चाहती थी, लेकिन उसे सिर्फ मायलापुर सीट ही मिली। कोयंबटूर में भी पार्टी को केवल कोयंबटूर उत्तर सीट से संतोष करना पड़ा।


अन्नामलाई के चुनाव लड़ने पर सवाल

इन परिस्थितियों के बीच तमिलनाडु भाजपा के प्रमुख चेहरे के. अन्नामलाई के चुनाव लड़ने को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है। चर्चा है कि वे चुनाव लड़ने से इंकार कर सकते हैं। इससे पहले वे कराईकुडी, श्रीवैकुंठम, विरुगंबक्कम, सिंगनल्लूर, मदुरै (दक्षिण) और पद्मनाभपुरम सीटों के चुनाव प्रभारी पद से इस्तीफा दे चुके हैं। अन्नामलाई ने 2021 में अरवाकुरिची विधानसभा सीट और 2024 में कोयंबटूर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन दोनों ही चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।


AIADMK का दबदबा, BJP की सीमित भूमिका

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस सीट बंटवारे में AIADMK ने अपनी शर्तें मनवाई हैं। पार्टी ने राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए सीटों पर नियंत्रण बनाए रखा, जबकि BJP को समझौता करना पड़ा। गठबंधन भले ही केंद्र के दबाव में बना हो, लेकिन राज्य स्तर पर AIADMK का पलड़ा भारी नजर आया।


चुनाव कार्यक्रम

तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि 4 मई को मतगणना होगी। नामांकन वापसी की अंतिम तारीख 9 अप्रैल है और मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 10 मई को समाप्त हो रहा है।