नितिन नबीन के नेतृत्व में न केवल भाजपा सांगठनिक रूप से सशक्त होगी, भाजपा के नए कार्यकारी अध्यक्ष से मिलने पहुंचे सीएम चंद्रबाबू नायडू
आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने दिल्ली में बीजेपी के नए कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। नायडू ने नबीन के अनुभव की सराहना करते हुए इसे देश की प्रगति के लिए एक महत्वपूर्ण समय बताया।
New Delhi - आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान नायडू ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और गठबंधन की मजबूती पर चर्चा की।
युवा नेतृत्व और अनुभव का संगम
मीडिया से मुखातिब होते हुए चंद्रबाबू नायडू ने नितिन नबीन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन एक ऊर्जावान युवा नेता होने के साथ-साथ भाजपा संगठन में कार्य करने का गहरा अनुभव रखते हैं। नायडू के अनुसार, नबीन जैसे नेताओं का आगे आना राजनीति में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति
नायडू ने देश की वर्तमान स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक मंच पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस दौर को देश के लिए एक 'प्रेरक समय' (Inspiring Time) बताया। नायडू ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन और नितिन नबीन जैसे युवा सांगठनिक नेतृत्व के समन्वय से देश और संगठन दोनों को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।
'सही समय, सही नेता और सही जगह'
मुख्यमंत्री नायडू ने एक बार फिर अपने विख्यात सूत्र "Right Time, Right Leader and Right Place" का जिक्र करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से जोड़ा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में एनडीए गठबंधन और अधिक मजबूती के साथ देश के विकास और जन-कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाएगा।
सांगठनिक मजबूती पर जोर
वीडियो में नायडू यह कहते नजर आए कि नितिन नबीन के नेतृत्व में न केवल भाजपा सांगठनिक रूप से सशक्त होगी, बल्कि उनके अनुभव का लाभ विकास की मुख्यधारा को भी मिलेगा। उन्होंने अंत में तेलुगु भाषा में भी अपनी बात रखते हुए नबीन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्ट - धीरज सिंह