नितिन नबीन बने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, दिल्ली मुख्यालय में दिग्गजों की मौजूदगी में संभाला कार्यभार
नितिन नबीन को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में उन्हें नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किया गया। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें विधिवत रूप से कुर्सी पर बैठाकर रूप से कुर्सी पर बैठाय
New Delhi -भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे में एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए बिहार सरकार में मंत्री और वरिष्ठ नेता नितिन नबीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी ताजपोशी का भव्य समारोह दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित किया गया।
इस ऐतिहासिक मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नितिन नबीन को पारंपरिक पटका पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर उनका औपचारिक स्वागत किया। रस्मी तौर पर जेपी नड्डा ने खुद नितिन नबीन को अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया और उन्हें नई जिम्मेदारी का कार्यभार सौंपा।
इससे पहले जब नितिन नबीन दिल्ली पहुंचे, तो हवाई अड्डे पर ही उनके स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया था। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े ने एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की। वहां से जैसे ही वह भाजपा मुख्यालय पहुंचे, वहां का नजारा उत्सव जैसा था।
बड़ी संख्या में पार्टी के सांसद, नेता और कार्यकर्ता अपने नए कार्यकारी अध्यक्ष के स्वागत के लिए मुख्यालय के बाहर कतारबद्ध खड़े थे। समर्थकों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया, जिससे मुख्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बन गया।
ताजपोशी समारोह के दौरान पार्टी के कई दिग्गज नेता और केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, गिरिराज सिंह और रविशंकर प्रसाद समेत तमाम बड़े नेताओं ने नितिन नबीन को गुलदस्ता देकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। सभी कद्दावर नेताओं ने उम्मीद जताई कि नितिन नबीन के अनुभव से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। कार्यभार संभालने के बाद बधाईयों का तांता लगा रहा और नितिन नबीन ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।