'हिंदू लड़कियां नंगी होकर गंदे ठुमके लगाकर पैसे कमा रही', साध्वी ऋतम्भरा की विवादित टिप्पणी से बवाल

साध्वी ऋतम्भरा ने अपने एक विवादित बयान में कहा है कि हिंदू लड़कियां नंगी होकर गंदे ठुमके लगाकर पैसे कमा रही हैं।

Sadhvi Ritambharas controversial comment on Hindu girls
Sadhvi Ritambharas controversial comment on Hindu girls- फोटो : news4nation

Sadhvi Ritambhara: पिछले कुछ महीनों में धार्मिक मंचों से महिलाओं और लड़कियों को लेकर की गई विवादित टिप्पणियाँ लगातार सुर्खियों में हैं। अब इस कड़ी में साध्वी ऋतम्भरा का नाम भी जुड़ गया है। अपने हालिया प्रवचन में उन्होंने आधुनिक लड़कियों के पहनावे और सोशल मीडिया गतिविधियों को निशाना बनाते हुए कहा कि "हिंदू लड़कियां नंगी होकर गंदे ठुमके लगाकर पैसे कमा रही हैं।" उन्होंने रील संस्कृति की आलोचना करते हुए कहा कि “कम कपड़े पहनकर गंदे गानों पर ठुमके लगाने को आम बना लिया गया है,” और महिलाओं से “मर्यादित जीवन” जीने की अपील की।


इससे पहले भी अनिरुद्धाचार्य महाराज ने कथावाचन के दौरान कहा था कि लड़कियों की शादी 25 की उम्र से पहले हो जानी चाहिए, वरना उनके कई बॉयफ्रेंड बन जाते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो डालने वाली लड़कियों को “संस्कारहीन” कहा था। वहीं प्रेमानंद महाराज ने टिप्पणी की थी कि "आज के समय में 100 में से केवल दो-चार लड़कियां ही पवित्र होती हैं," और महिलाओं को मर्यादा में रहने की नसीहत दी थी।


इन बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई लोग इन विचारों को महिला विरोधी और पितृसत्तात्मक बताते हुए आलोचना कर रहे हैं, जबकि कुछ इन्हें “भारतीय संस्कृति की रक्षा” के प्रयास के रूप में देख रहे हैं। महिला संगठनों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इन वक्तव्यों की कड़ी निंदा करते हुए धार्मिक मंचों से ज़िम्मेदार भाषा की मांग की है।