सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में ढेर हुए दो नक्सली , कई हथियार बरामद

Naxalites killed in encounter
Naxalites killed in encounter- फोटो : news4nation

 Naxalites killed : नक्सल मुक्त भारत की मुहिम में  छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो नक्सली मारे गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मुठभेड़ बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी के किनारे जंगल क्षेत्र में हुई।


अधिकारी के अनुसार, नक्सल विरोधी अभियान पर निकली सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम पर नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी हुई। मुठभेड़ थमने के बाद घटनास्थल से वर्दी पहने दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए। साथ ही एक सेल्फ-लोडिंग राइफल (एसएलआर), एक इंसास राइफल और एक 12-बोर राइफल भी जब्त की गई है।


पुलिस ने बताया कि इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी की पुष्टि की जा सके और किसी संभावित खतरे को समाप्त किया जा सके।


इस कार्रवाई के साथ ही, वर्ष 2026 में अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में कम से कम 25 माओवादी मारे जा चुके हैं। इससे पहले 3 जनवरी को बस्तर क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 14 माओवादी ढेर किए गए थे। इन मुठभेड़ों में बीजापुर सहित सात जिले शामिल थे।


आंकड़ों के मुताबिक, पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों के साथ विभिन्न मुठभेड़ों में कुल 285 माओवादी मारे गए थे। वहीं केंद्र सरकार ने देश से लेफ्ट-विंग एक्सट्रीमिज्म को पूरी तरह खत्म करने के लिए इस वर्ष 31 मार्च तक की समय-सीमा तय की है।