Bihar Vidhansabha Chunav 2025: चुनाव से पहले भाजपा को बंपर फायदा, सकलदेव बिंद तारापुर में थामेंगे भाजपा का दामन, सम्राट चौधरी की मौजूदगी में राजनीतिक समीकरण होंगे नए रंग में

Bihar Vidhansabha Chunav 2025: लखीसराय जिले के वीआईपी जिला अध्यक्ष सकलदेव बिंद आज तारापुर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

Bihar Vidhansabha Chunav 2025: चुनाव से पहले भाजपा को बंपर फ
सकलदेव बिंद तारापुर में थामेंगे भाजपा का दामन- फोटो : reporter

Bihar Vidhansabha Chunav 2025: लखीसराय जिले के वीआईपी  जिला अध्यक्ष सकलदेव बिंद आज तारापुर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। यह ऐतिहासिक सियासी घटनाक्रम बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान होगा। सकलदेव बिंद वीआईपी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं, जिससे इस क्षेत्र की राजनीतिक दिशा और समीकरण में बड़ा बदलाव आने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार, सकलदेव बिंद ने 14 अक्टूबर को तारापुर विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल किया था। इसके बाद राजद ने उसी सीट से अपना उम्मीदवार उतार दिया, जबकि वीआईपी पार्टी ने न तो किसी उम्मीदवार का ऐलान किया और न ही बिंद को सिंबल दिया। इस उपेक्षा और अनदेखी से आहत होकर सकलदेव बिंद ने वीआईपीपार्टी से दूरी बना ली।

सकलदेव बिंद वीआईपी के पुराने सहयोगियों में से रहे हैं और पार्टी के गठन के समय से ही संगठन को मजबूती देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लेकिन लगातार नजरअंदाजी और टिकट न मिलने की वजह से उन्होंने वीआईपी पार्टी को अलविदा कहने का मन बनाया। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें चुनाव के बाद विधान परिषद सदस्य बनाए जाने का आश्वासन भी मिला है।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि सकलदेव बिंद का अपनी जाति और समुदाय में गहरा जनाधार है। उनके भाजपा में शामिल होने से न सिर्फ तारापुर, बल्कि लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को स्थानीय स्तर पर मजबूती मिलेगी। इससे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और सम्राट चौधरी की स्थिति भी मजबूत होगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भाजपा नेतृत्व ने सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखते हुए सकलदेव बिंद को पार्टी में शामिल किया है, ताकि क्षेत्र में दोनों उपमुख्यमंत्रियों की जीत सुनिश्चित हो और संगठन की पकड़ मजबूत हो।

तारापुर में आज का यह कार्यक्रम वीआईपी के लिए भारी झटका साबित होगा। वहीं भाजपा के लिए यह रणनीतिक कदम उनके जनाधार को और विस्तारित करने, सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करने की दिशा में अहम साबित होगा। इस कदम से बिहार की सियासत में एक नया मोड़ आने की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्ट- कमलेश कुमार सिंह