स्टेज पर ही चांटा मारना चाहिए था... राष्ट्रीय महिला आयोग ने पावर स्टार पवन सिंह पर दिखाई सख्ती, हाजिर होने का आदेश, जानें पूरा मामला

भोजपुरी स्टार पवन सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव ने कमर छूने के मामले में अब हरियाणा महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया है।

स्टेज पर ही चांटा मारना चाहिए था... राष्ट्रीय महिला आयोग ने

New Delhi : भोजपुरी के दिग्गज कलाकार पवन सिंह एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव ने स्टेज परफॉर्मेंस के दौरान पवन सिंह द्वारा उनकी कमर छूने के मामले को लेकर हरियाणा महिला आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। अंजलि ने ई-मेल के जरिए आयोग को इस घटना से जुड़े साक्ष्य और वीडियो भी सौंपे हैं। एक्ट्रेस का आरोप है कि इस घटना के बाद उन्हें लगातार मानसिक प्रताड़ना और सामाजिक बहिष्कार का सामना करना पड़ रहा है।

"मुझे लगा कपड़े का टैग हटा रहे हैं": अंजलि का दर्द


अंजलि राघव ने अपनी शिकायत में बताया कि यह घटना करीब 4 महीने पुरानी है। लखनऊ के एक म्यूजिक शो के दौरान पवन सिंह ने उनकी अनुमति के बिना उनकी कमर पर हाथ फेरा था। अंजलि के अनुसार, उस वक्त उन्हें लगा कि शायद उनके कपड़ों पर कोई टैग लगा है जिसे पवन सिंह हटाने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए उन्होंने स्टेज पर कुछ नहीं कहा। हालांकि, बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे उनकी छवि को गहरा धक्का लगा। हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि ऐसी घटना पर एक्ट्रेस को तुरंत प्रतिक्रिया देनी चाहिए थी।

पीआर टीम पर प्रताड़ना और धमकी का आरोप


शिकायत में अंजलि ने पवन सिंह की पीआर टीम पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मामला पहले आपसी समझौते से सुलझ गया था और पवन सिंह ने माफी भी मांग ली थी, लेकिन बाद में उनकी पीआर टीम ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। अंजलि का दावा है कि उनके खिलाफ फर्जी और आपत्तिजनक पोस्ट फैलाए गए, उन्हें 'पोर्न स्टार' तक कहा गया और उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने के लिए कुछ क्षेत्रीय मीडिया प्लेटफॉर्म्स का सहारा लेकर झूठी कहानियां गढ़ी गईं।

सीता का किरदार छीना, मां की अंतिम इच्छा अधूरी रही

इस विवाद का अंजलि राघव के करियर पर भी गहरा असर पड़ा है। उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि वह पिछले लंबे समय से दिल्ली की रामलीला में माता सीता का किरदार निभाती आ रही थीं, जो उनकी दिवंगत माता की अंतिम इच्छा थी। लेकिन इस विवाद और सोशल मीडिया ट्रोलिंग के कारण उनसे वह किरदार छीन लिया गया। अंजलि ने कहा कि सामाजिक बहिष्कार और अपमान के कारण वह अवसाद (Depression) की स्थिति में पहुंच गई हैं और उनके परिवार को भी समाज में नीचा देखना पड़ा है।

साइबर पुलिस की सुस्ती और आयोग से गुहार

अंजलि राघव का आरोप है कि उन्होंने आपत्तिजनक इंस्टाग्राम अकाउंट्स और मीडिया प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ दिल्ली साइबर पुलिस में शिकायत दी थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और न ही वह कंटेंट हटाया गया। उन्होंने महिला आयोग से मांग की है कि आपत्तिजनक पोस्ट और झूठे इंटरव्यू तुरंत हटवाए जाएं और इस मानसिक उत्पीड़न के लिए जिम्मेदार लोगों से सार्वजनिक माफी दिलवाई जाए।

घटनाक्रम: 29 अगस्त से अब तक क्या हुआ?

  • 29 अगस्त 2025: लखनऊ शो में पवन सिंह ने अंजलि की कमर पर हाथ फेरा।

  • 30 अगस्त: वीडियो वायरल होने पर अंजलि ने भोजपुरी इंडस्ट्री छोड़ने की घोषणा की।

  • 31 अगस्त: पवन सिंह ने इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक माफी मांगी, जिसे अंजलि ने स्वीकार किया।

  • समझौते के बाद: अंजलि पर माफीनामे के शब्द बदलने का दबाव बनाया गया और फिर से ट्रोलिंग शुरू कर दी गई, जिसके बाद मामला अब आयोग तक पहुंच गया है।