Dhurandhar song: ‘धुरंधर’ का गाना Fa9la बना ग्लोबल सेंसेशन, रैपर फ्लिपराची बोले— “इतनी पॉपुलैरिटी की उम्मीद नहीं थी”
Dhurandhar song: ‘धुरंधर’ फिल्म का गाना Fa9la सोशल मीडिया और बॉक्स ऑफिस पर छाया हुआ है। बहरीन के रैपर फ्लिपराची ने बताया कैसे यह अरबी गाना भारत में इतिहास बन गया।
Dhurandhar song: इन दिनों फिल्म ‘धुरंधर’ का गाना Fa9la हर तरफ छाया हुआ है। बॉक्स ऑफिस से लेकर सोशल मीडिया तक, हर जगह इसी गाने की चर्चा हो रही है। लोगों के मोबाइल फोन में यही धुन बज रही है और इंस्टाग्राम से लेकर अन्य प्लेटफॉर्म पर इस गाने पर बने रील्स और मीम्स की भरमार है। इस गाने को बहरीन के मशहूर रैपर फ्लिपराची ने आवाज दी है। हाल ही में उन्होंने बताया कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि उनका अरबी हिप-हॉप ट्रैक भारत में इतना बड़ा ट्रेंड बन जाएगा।
फिल्म से मिली गाने को नई पहचान
एक इंटरव्यू में फ्लिपराची ने कहा कि फिल्म ‘धुरंधर’ ने उनके गाने को बिल्कुल नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। उनके मुताबिक, जब फिल्म के मेकर्स इस गाने को लेकर आए और इसे फिल्म में शामिल किया गया, तब उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह इतना बड़ा असर डालेगा। उन्होंने माना कि इसके बाद जो हुआ, वह उनके लिए किसी सपने से कम नहीं था।उन्होंने यह भी कहा कि यह गाना उनके करियर के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हुआ है।
शब्द नहीं समझे, फिर भी लोगों ने दिल से अपनाया
Fa9la की लोकप्रियता को लेकर फ्लिपराची का कहना है कि भारत में ज्यादातर लोग अरबी भाषा नहीं समझते, फिर भी गाने को जबरदस्त प्यार मिला। उनके अनुसार, इसकी वजह गाने की धुन और एनर्जी है, जो सीधे लोगों के दिल तक पहुंच जाती है। उन्होंने कहा कि भले ही लोग बोलों का मतलब न समझ पाएं, लेकिन म्यूजिक इतना दमदार है कि हर किसी को अपनी ओर खींच लेता है।
अरबी हिप-हॉप और देसी म्यूजिक का अनोखा मेल
इस गाने की सबसे बड़ी खासियत इसका म्यूजिक है। इसमें अरबी हिप-हॉप के साथ भारतीय तबले की झलक देखने को मिलती है। यही वजह है कि गाने में एक अलग तरह की ताकत और देसी एहसास नजर आता है।फ्लिपराची ने माना कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इस तरह का फ्यूजन भारतीय दर्शकों को इतना पसंद आएगा और यह गाना इस स्तर तक पहुंच जाएगा।
भारत के साथ-साथ दुनिया में भी छाया गाना
रैपर के मुताबिक, ‘धुरंधर’ और उसका गाना सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा। यह फिल्म और इसका म्यूजिक दुनिया के कई हिस्सों में देखा और सुना जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह हिंदी फिल्म होने के बावजूद ग्लोबल लेवल पर लोगों का ध्यान खींच रही है और गाना कई जगह म्यूजिक चार्ट्स में टॉप पर बना हुआ है।
रील्स और मैसेज देखकर सिंगर हुए हैरान
सोशल मीडिया पर बन रही रील्स और मीम्स को देखकर फ्लिपराची खुद भी हैरान हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें हर दिन इतनी ज्यादा रील्स और मैसेज मिल रहे हैं कि सभी को देख पाना और जवाब देना मुश्किल हो गया है। फिर भी वह जितना हो सके, उतने पोस्ट शेयर करने की कोशिश कर रहे हैं।उनके मुताबिक, दर्शकों का यह प्यार ही इस गाने की सबसे बड़ी सफलता है।