Hema Malini: देओल परिवार में अनबन की खबरें गलत! हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को बताया शानदार जीवनसाथी
Hema Malini: हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र के पहले परिवार से अनबन की खबरों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि देओल परिवार एकजुट है और धर्मेंद्र उनके शानदार जीवनसाथी थे।
Hema Malini: बॉलीवुड अभिनेत्री हेमा मालिनी और दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र का रिश्ता हमेशा चर्चा में रहा है। धर्मेंद्र की पहली पत्नी प्रकाश कौर और उनके बच्चों के साथ हेमा मालिनी के रिश्ते को लेकर समय-समय पर कई तरह की खबरें सामने आती रही हैं। धर्मेंद्र के निधन के बाद इन चर्चाओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया था। अब हेमा मालिनी ने इन खबरों पर अपनी बात रखी है।
देओल परिवार से मतभेद की खबरों को हेमा ने बताया गलत
ईटाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र के पहले परिवार के साथ अनबन की खबरों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि उनका परिवार एकजुट है और सभी लोग एक-दूसरे के साथ खुश हैं। हेमा मालिनी ने लोगों से सोशल मीडिया और एआई से बनी बातों पर आंख बंद करके भरोसा नहीं करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि उनके परिवार को लेकर कई ऐसी बातें फैलाई जाती हैं, जिनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है।
धर्मेंद्र को बताया शानदार जीवनसाथी
हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र के साथ बिताए समय को याद करते हुए उन्हें शानदार जीवनसाथी बताया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र ने हमेशा उनके काम और डांस को आगे बढ़ाने के लिए उनका साथ दिया। हेमा के मुताबिक, धर्मेंद्र उन्हें डांस जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करते थे। वह डांस को आध्यात्मिक मानते थे और मानते थे कि इससे हेमा को खुशी और अच्छी सेहत मिलती है। अभिनेत्री ने कहा कि आज वह जो कुछ भी कर रही हैं, उसमें धर्मेंद्र के समर्थन और हिम्मत की बड़ी भूमिका रही है।
धर्मेंद्र की याद आती है- हेमा मालिनी
हेमा मालिनी ने कहा कि धर्मेंद्र के जाने के बाद उनकी जिंदगी में एक खालीपन है, जिसे कभी पूरी तरह भरा नहीं जा सकता। उन्होंने बताया कि वह आज भी हर पल धर्मेंद्र को याद करती हैं।उन्होंने यह भी कहा कि किसी अपने को खोने का दुख पूरी तरह खत्म नहीं होता। समय के साथ इंसान उस दुख के साथ जीना सीख सकता है, लेकिन अपने प्रिय व्यक्ति की कमी हमेशा महसूस होती रहती है।
धर्मेंद्र ने की थी दो शादियां
धर्मेंद्र ने साल 1954 में प्रकाश कौर से शादी की थी। इस शादी से उनके चार बच्चे हैं। उनके दो बेटे सनी देओल और बॉबी देओल हैं, जबकि दो बेटियां विजेता और अजीता हैं।इसके बाद धर्मेंद्र ने साल 1980 में हेमा मालिनी से शादी की। हेमा और धर्मेंद्र की दो बेटियां ईशा देओल और अहाना देओल हैं।
धर्मेंद्र के निधन के बाद उठे थे कई सवाल
धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को लंबी बीमारी के बाद हुआ था। उनके निधन के बाद परिवार की ओर से आयोजित कार्यक्रमों को लेकर कई तरह की खबरें सामने आई थीं। हेमा मालिनी और उनकी बेटियों की मौजूदगी को लेकर भी सोशल मीडिया पर चर्चा हुई थी।इसी दौरान हेमा मालिनी और धर्मेंद्र के पहले परिवार के रिश्तों को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई गईं। अब हेमा मालिनी के बयान से साफ है कि वह इन खबरों को सच नहीं मानतीं और परिवार को एकजुट बताती हैं।