बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

Airports In Bihar: पूर्णिया एयरपोर्ट से जल्द शुरू हो सकती है उड़ानें, संजय झा ने राजगीर-भागलपुर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की उठाई मांग

Airports In Bihar: पूर्णिया एयरपोर्ट से जल्द शुरू हो सकती है उड़ानें, संजय झा ने राजगीर-भागलपुर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की उठाई मांग

बिहार के राज्यसभा सांसद और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से मुलाकात कर बिहार के लिए महत्वपूर्ण मांगों को उठाया है। उन्होंने पूर्णिया एयरपोर्ट से जल्द उड़ान सेवाएं शुरू करने के लिए जरूरी कार्रवाई करने की अपील की है। इसके साथ ही राजगीर और भागलपुर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए स्थल की संभाव्यता के अध्ययन हेतु एक उच्चस्तरीय केंद्रीय टीम जल्द भेजने का भी अनुरोध किया है।

संजय कुमार झा ने शनिवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से मुलाकात के दौरान बताया कि पूर्णिया एयरपोर्ट पर रनवे निर्माण सहित अन्य तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। बिहार सरकार ने 4.57 करोड़ रुपये की लागत से एयरपोर्ट की चारदीवारी निर्माण का प्रस्ताव एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को भेज दिया है। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि दरभंगा एयरपोर्ट की तर्ज पर पूर्णिया में भी एक अंतरिम टर्मिनल का निर्माण कर उड़ान सेवाएं शीघ्र शुरू की जाएं। दरभंगा एयरपोर्ट की सफलता का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अंतरिम टर्मिनल के माध्यम से सीमित समय में उड़ान सेवाओं की शुरुआत संभव है, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

राज्यसभा सांसद ने केंद्रीय मंत्री से यह भी अनुरोध किया कि बिहार के राजगीर और भागलपुर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए स्थल की संभाव्यता का अध्ययन करने के लिए एक उच्चस्तरीय केंद्रीय टीम भेजी जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन दोनों स्थलों पर हवाई अड्डे बनने से न केवल बिहार के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी। राजगीर का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व, तथा भागलपुर की वाणिज्यिक क्षमता, दोनों ही इन क्षेत्रों में हवाई संपर्क के महत्व को दर्शाती हैं।

बिहार के विकास के लिए हवाई कनेक्टिविटी को संजीवनी के रूप में देखा जा रहा है। पूर्णिया और दरभंगा जैसे शहरों में हवाई सेवाओं की शुरुआत से राज्य के दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंच बनाना संभव होगा, जिससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा का यह प्रयास राज्य में बेहतर हवाई सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

संजय झा ने इस मुलाकात की जानकारी अपने एक्स हैंडल (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा कि "बिहार के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से सकारात्मक चर्चा हुई। पूर्णिया में जल्द उड़ान सेवाओं की शुरुआत और राजगीर एवं भागलपुर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की संभाव्यता जांच हेतु कदम उठाने का अनुरोध किया है।"

केंद्रीय मंत्री के साथ हुई इस बैठक को बिहार के हवाई सेवा विस्तार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संजय झा के अनुरोधों पर केंद्र से सकारात्मक कदम उठने की उम्मीद है, जिससे राज्य को बेहतर हवाई संपर्क और विकास के नए अवसर मिलेंगे।

Editor's Picks