Bihar Crime: सरकारी जमीन पर रेत का खेल बेनकाब, छापेमारी में माफियाओं की टूटी कमर,ट्रैक्टर-पोकलेन जब्त, एक गिरफ्तार
Bihar Crime:अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने जबरदस्त एक्शन लेते हुए माफियाओं के नेटवर्क पर करारा वार किया है।...
Bihar Crime:अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने जबरदस्त एक्शन लेते हुए माफियाओं के नेटवर्क पर करारा वार किया है। भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम की अगुवाई में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने विजय घाट पर औचक छापेमारी कर पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में जैसे ही प्रशासन की गाड़ियां घाट पर पहुंचीं, वैसे ही बालू माफियाओं के बीच भगदड़ और हड़कंप मच गया। कोई ट्रैक्टर लेकर फरार होने लगा तो कोई अपनी मोटरसाइकिल तक छोड़कर मौके से भाग खड़ा हुआ। हालात ऐसे थे जैसे पूरा गिरोह अचानक बेनकाब हो गया हो।छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने मौके से चार ट्रैक्टर, एक पोकलेन मशीन और आधा दर्जन मोटरसाइकिल जब्त की। वहीं पुलिस ने एक ट्रैक्टर चालक को धर दबोचा, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
एसडीएम रोहित कर्दम ने साफ लहजे में कहा कि नवगछिया क्षेत्र में फिलहाल किसी को भी बालू खनन की लीज नहीं दी गई है। इसके बावजूद कुछ लोग कानून की धज्जियां उड़ाकर अवैध खनन के गोरखधंधे में लगे हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी कीमत पर इस काले कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस कार्रवाई में साइबर डीएसपी अभिषेक, कार्यपालक दंडाधिकारी सुधीर कुमार, थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह समेत कई थाना प्रभारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी ने पूरे ऑपरेशन को मजबूती दी।
प्रशासन की इस दबिश के बाद अवैध खनन में संलिप्त लोगों के बीच खौफ का माहौल है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आगे भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी, ताकि सरकारी राजस्व को हो रहे नुकसान पर लगाम लगाई जा सके। नवगछिया में यह कार्रवाई साफ इशारा है कि अब बालू माफियाओं की मनमानी नहीं चलेगी, और कानून का शिकंजा लगातार कसता जाएगा।
रिपोर्ट – अंजनी कुमार कश्यप