RJD Jharkhand: झारखंड में RJD का संगठनात्मक शंखनाद, पार्टी ने जारी की जिला प्रभारियों की सूची, साहेबगंज से गढ़वा तक नई जिम्मेदारियां

RJD Jharkhand: झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने वर्ष 2025-2028 के लिए जिला प्रभारियों की सूची जारी की है।

RJD Reshuffles Jharkhand Organization Names District In Char
झारखंड में RJD का संगठनात्मक शंखनाद- फोटो : reporter

RJD Jharkhand: झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश में पार्टी की सांगठनिक संरचना को धार देने और जिला स्तर पर गतिविधियों को सक्रिय बनाने के उद्देश्य से प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने वर्ष 2025-2028 के लिए जिला प्रभारियों की सूची जारी की है। जारी अधिसूचना में राज्य के विभिन्न जिलों के लिए नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस पहल के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, सदस्यता अभियान को गति देने और संगठन की जमीनी पकड़ मजबूत करने पर जोर दिया गया है।

साहेबगंज से बोकारो तक नेताओं को मिली जिम्मेदारी

राजद झारखंड प्रदेश की ओर से जारी सूची में साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, जामताड़ा, देवघर, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, गिरिडीह और बोकारो समेत कई जिलों के प्रभारियों के नाम शामिल हैं।अधिसूचना के मुताबिक, साहेबगंज में भूतनाथ यादव और राजकुमार गुप्ता को जिम्मेदारी दी गई है। पाकुड़ में अशोक मांझी और मुकेश प्रसाद यादव को प्रभारी बनाया गया है। दुमका में बाबुराम हांसदा और सुनील कुमार उर्फ मुन्ना यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि जामताड़ा में जयप्रकाश यादव को प्रभारी नियुक्त किया गया है।

देवघर में संतोष यादव और मो. एनामुल हक को जिम्मेदारी मिली है। कोडरमा में मो. इरफान अंसारी और दिनेश दांगी, हजारीबाग में विक्रम प्रसाद यादव और श्याम दास सिंह को प्रभारी बनाया गया है। रामगढ़ में सुनीता चौधरी और योगेंद्र यादव, चतरा में रंजन कुमार और साहिल साहनी को जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, गिरिडीह में गिरधारी गोप और मो. जावेद अख्तर तथा बोकारो में सुखदेव विद्रोही और तारापदो धीवर को जिला प्रभारी बनाया गया है।

धनबाद से पलामू और गढ़वा तक संगठन विस्तार की तैयारी

पार्टी की ओर से जारी दूसरी सूची में धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, लातेहार, पलामू और गढ़वा समेत अन्य जिलों के लिए भी प्रभारियों के नाम घोषित किए गए हैं।

धनबाद में राम यादव और प्रणय कुमार बबलू को जिम्मेदारी दी गई है। पूर्वी सिंहभूम में गिरधारी गोप और भोली प्रसाद साहू को प्रभारी बनाया गया है। सरायकेला-खरसावां में शारदा देवी और नसीम अंसारी तथा पश्चिमी सिंहभूम में राजेश यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राजधानी रांची में अनीता यादव और भोली प्रसाद साहू को प्रभारी बनाया गया है। खूंटी में रंजन कुमार और मो. आबिद अली, गुमला में मदन यादव तथा सिमडेगा में डॉ. मनोज कुमार को जिम्मेदारी मिली है।

लोहरदगा में मनोज कुमार पांडेय और राम कुमार यादव, लातेहार में सत्यानंद भोक्ता और डॉ. मुर्तजा जी को प्रभारी नियुक्त किया गया है। पलामू में मकबुल आलम और उमेंद्र कुमार यादव तथा गढ़वा में सुनील साहू और मो. फैजुल हक रशीद को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सदस्यता अभियान और संगठनात्मक समीक्षा पर रहेगा जोर

जिला प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करें, सदस्यता अभियान चलाएं और संगठन की स्थिति की समीक्षा करें। इसके साथ ही पार्टी के निर्देशों के मुताबिक कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक लागू करने की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई है।

राजद की इस पहल को जिला स्तर पर सांगठनिक गतिविधियों को व्यवस्थित करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। अब नवनियुक्त प्रभारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी के कार्यक्रमों को गति देने और संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने की चुनौती होगी।

प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव के हस्ताक्षर से जारी इन सूचियों के जरिए राजद ने झारखंड के विभिन्न जिलों में जिम्मेदारियां निर्धारित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। हालांकि, अधिसूचना में उल्लिखित कार्यकाल 2025-2028 है, जबकि सूची जारी करने की तारीख 16 अक्टूबर 2026 है। पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों और आगे की गतिविधियों के क्रियान्वयन पर अब निगाहें रहेंगी।

रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह