पटना में अतिक्रमण के खिलाफ 5 अगस्त से चलेगा विशेष अभियान, जिलाधिकारी ने पांच टीमों का किया गठन, इन इलाकों में होगी कार्रवाई....
PATNA: राजधानी पटना में 5 अगस्त से अतिक्रम के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा द्वारा पांच टीम का गठन किया गया है। कल यानी सोमवार से अतिक्रमण के विरूद्ध स्पेशल ड्राईव चलाया जाएगा। यह एक मल्टी-एजेंसी अभियान होगा जो पटना नगर निगम के चार अंचलों नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, बांकीपुर तथा कंकड़बाग अंचल के साथ नगर परिषद, दानापुर निजामत में चलाया जाएगा।
मुख्य सड़कों से हटाई जाएगी अतिक्रमण
इसमें प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशाम, पुल निर्माण निगम, दूरसंचार, वन प्रमंडल, विद्युत सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहेंगे। सभी सम्बद्ध पदाधिकारी अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित कर निदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। इसकी जानकारी देते हुए आयुक्त रवि ने कहा कि नेहरू पथ, अटल पथ, जेपी गंगापथ, बाईपास जैसे मुख्य मार्गों को जनहित में अतिक्रमणमुक्त रखना अत्यावश्यक है। इसमें कोई व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह टीम शहर के मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाएगी, सड़कों पर अवैध व्यावसायिक गतिविधि करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करेगी तथा सुगम यातायात हेतु प्रबंधन करेगी।
13 अगस्त तक चलेगा अभियान
प्रत्येक टीम में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों सहित महिला बल, पुलिस बल एवं लाठी बल को भी तैनात किया गया है। नगर निकायों से क़ार्यपालक पदाधिकारियों ,नगर प्रबंधकों, मुख्य सफाई निरीक्षकों, कर्मियों वीडियोग्राफर को लगाया गया है। इस फ़ेज़ में यह अभियान 13 अगस्त तक चलेगा। रोस्टरवार कई टीम कर्तव्य पर मुस्तैद रहेगी। आयुक्त द्वारा इसकी प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी तथा अभियान के परिणाम का ज़ायज़ा लिया जाएगा। इसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाली कराए गए जगहों पर होगा वृक्षारोपण
आयुक्त रवि ने कहा कि जनहित में अतिक्रमण उन्मूलन विशेष अभियान चलाया जाता है। नगर निगम सहित सभी सम्बद्ध विभागों एवं एजेंसियों के पदाधिकारियों द्वारा पूर्व के अभियानों में अच्छा काम किया गया है। खाली कराए गए जगहों पर वृक्षारोपण कार्य भी किया जाए। उन्होंने अभियान में शामिल सभी विभागों एवं एजेंसियों -प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, अग्निशाम, पुल निर्माण निगम, दूरसंचार, विद्युत, वन एवं अन्य विभाग- के अधिकारियों को आपस में सुदृढ़ समन्वय कायम करते हुए अभियान को सफल बनाने का निदेश दिया।
अतिक्रमण करने वालों पर लगाया जाएगा जुर्माना
उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा पुलिस बल को अतिक्रमण उन्मूलन अभियान में लगाएँ। संबंधित अनुमंडलों के भूमि सुधार उप समाहर्ता अतिक्रमण उन्मूलन अभियान का नेतृत्व करें। प्रत्येक टीम में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, नगर निकायों से कार्यपालक पदाधिकारियों, नगर प्रबंधकों, मुख्य सफाई निरीक्षकों, कर्मियों तथा वीडियोग्राफर की कर्तव्य स्थल पर ससमय उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। आयुक्त रवि ने कहा कि इस कार्य हेतु नगर निकायों को समुचित शक्ति प्रदत्त है। अस्थायी अतिक्रमण की स्थिति में 5,000/- रुपया तथा स्थायी अतिक्रमण की स्थिति में 20,000/- रुपये का दंड लगाने का अधिकार दिया गया है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण में प्रयुक्त सामानों की ज़ब्ती की जाए तथा अतिक्रमणकारियों के विरूद्ध नियमानुसार अर्थदंड लगाया जाए। साथ ही वरीय पुलिस अधीक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कि थानाध्यक्ष अतिक्रमण हटाने का विवरण स्टेशन डायरी में भी अंकित करें।
व्यवधान डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
यदि कोई अतिक्रमण उन्मूलन अभियान में व्यवधान डालता है तो उसपर सख्ती कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त रवि ने कहा कि ऐसे तत्वों के विरुद्ध क़ानूनी कार्रवाई करने को कहा है। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उक्त अतिक्रमण उन्मूलन एवं यातायात व्यवस्था सुचारू करने के कार्य के अवसर पर अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत विधि-व्यवस्था संधारण के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे तथा कार्यक्रम के दौरान भ्रमणशील रहकर सतत निगरानी रखेंगे। आयुक्त रवि ने कहा कि यातायात पुलिस अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलायेगा।
आयुक्त रवि के निदेश पर जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह द्वारा विशेष अभियान के तहत प्रभावशाली ढंग से अतिक्रमण उन्मूलन अभियान संचालित करने के लिए एक पाँच-सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है। यह निम्नवत हैः-
(क) अपर जिला दण्डाधिकारी, विधि-व्यवस्था, पटना
(ख) पुलिस अधीक्षक, विधि-व्यवस्था, पटना
(ग) पुलिस अधीक्षक, यातायात, पटना
(घ) अपर नगर आयुक्त, पटना नगर निगम
(च) सिटी मजिस्ट्रेट-सह-प्रभारी दण्डाधिकारी, जिला नियंत्रण कक्ष, पटना