शराब तस्करी के लिए लगाया गजब का आइडिया, ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे बनाया तहखाना, पुलिस भी हैरान
HAJIPUR : हाजीपुर उत्पाद पुलिस ने बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल मटखनमा दियारा इलाके के ग्रामीण सड़क से ट्रैक्टर के ट्राली के तहखाने में छुपा कर ले जा रहे शराब की एक खेप को बरामद किया है। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर के ट्राली के तहखाने से 34 कार्टून विदेशी शराब बरामद किया। हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचते ही धंधेबाज ट्रैक्टर छोड़ कर भागने में सफल हो गया। पुलिस इस मामले में ट्रैक्टर के मालिक चालक एवं तीन चार अज्ञात धंधेबाजों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी है।
उत्पाद विभाग को मिली थी गुप्त सूचना
उत्पाद थाना को गुप्त सूचना मिली कि बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल मटखनमा दियारा में ट्रैक्टर से शराब की एक खेप आने वाली है। सूचना मिलते ही उत्पाद अधीक्षक सुरेश चौधरी के नेतृत्व में उत्पाद पुलिस पदाधिकारियों की एक टीम गठित की गयी। टीम में उत्पाद थाना के सब इंस्पेक्टर अजय कुमार, एएसआई राजेंद्र कुमार, अजीत कुमार, अरविंद कुमार एवं पुलिस बल शामिल थे। बताया गया कि सूचना के आलोक में छापेमारी टीम मौके पर पहुंच कर बिदुपुर से दियारा जाने वाली मार्ग पर घेराबंदी कर दी।
इस दौरान एक ट्रैक्टर को आते देख पुलिस ने रोक कर ट्रैक्टर की तलाशी ली तो पुलिस को कुछ भी नहीं मिला। इसी दौरान चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। चालक के भागने पर पुलिस टीम का शक गहरा गया। मौके पर मौजूद उत्पाद अधीक्षक स्वयं ट्रैक्टर की जांच करने में जुट गए।
इस दौरान डाला के नीचे कार्टन जैसा कुछ दिखाई देने पर पुलिस ने जब गहन जांच की तो मौके पर मौजूद अधिकारियों के होश उड़ गए। शराब धंधेबाजों ने डाला के नीचे हाईड्रोलिक बेस के साथ तहखाना बना रखा था जिसमें शराब की पेटियां लोड थी। बताया गया कि तहखाने से पुलिस ने टेट्रा पैक शराब की कुल 34 कार्टन बरामद किया है पुलिस शराब के साथ ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले आई है।
REPORT - RISHAV KUMAR