अमित शाह का बिहार दौरा, कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा का करेंगे अनावरण, पालिगंज में जनसभा को करेंगे संबोधित
पटना- बिहार में एनडीए की नई सरकार बनने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहली बार शनिवार को एक दिन के दौरे पर पटना आ रहे हैं. शाह पटना में नवनिर्मित पार्क और उसमें स्थापित कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके साथ ही गृह मंत्री पटना जिले के पालीगंज कृषि फार्म मैदान में आयोजित एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. इस जनसभा का आयोजन भाजपा के ओबीसी मोर्चा की ओर से किया गया है.
9 मार्च को पटना के पालीगंज में सामाजिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दोपहर करीब एक बजे पटना पहुंचेंगे. जहां सबसे पहले बिहार भाजपा के पितामह कैलाशपति मिश्रा को श्रद्धांजलि देंगे. इसके साथ ही कैलाशपति मिश्रा के नाम पर बने स्मृति उद्यान का उद्घाटन और उनकी प्रतिमा का भी लोकार्पण भी करेंगे.
अखिल भारतीय कृषि अनुसंधान केंद्र में खूबसूरत उद्यान बनकर तैयार हुआ है.उद्यान के उद्घाटन के मौके पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, सांसद राधा मोहन सिंह, विवेक ठाकुर, रवि शंकर प्रसाद, गंगा प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, नितिन नवीन सहित कई सांसद और विधायक की मौजूदगी होगी.
उद्यान के उद्घाटन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पालीगंज में जनसभा को संबोधित करेंगे. शाह देर शाम पटना से वापस दिल्ली के लिए लौट जायेंगे.