पटना DM के आदेश के बाद बाहुबली विधायक अनंत सिंह के खासम-खास के हथियार का लाइसेंस रद्द

न्यूज4नेशन डेस्क- मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह पर प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है पटना जिला प्रशासन ने अनंत सिंह के खासमखास और उनके पड़ोसी भूषण सिंह के हथियार का लाइसेंस रद्द कर दिया है। बाढ़ थाना के प्रस्ताव को पटना डीएम ने स्वीकार कर लिया है और लाइसेंस रद्द करने का आदेश जारी कर दिया है। अनंत सिंह के गांव के एक और व्यक्ति रजनीश सिंह के भी लाइसेंस को पटना डीएम ने रद्द कर दिया है । इन दोनों पर मतदाताओं को डराने धमकाने का आरोप है।
यहां बता दें कि बाढ़ की ASP लिपि सिंह ने मोकामा विधायक अनंत सिंह के ग्रामीण भूषण सिंह के घर पर छापेमारी की थी और छापेमारी में उनका लाइसेंसी हथियार जब्त कर लिया था। आरोप था कि भूषण सिंह आसपास के लोगों को डरा रहे हैं। इसके बाद हथियार के लाइसेंस को रद्द करने का प्रस्ताव डीएम को भेजा गया था। प्रस्ताव पर डीएम ने अपनी मुहर लगा दी है।
हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई पर विधायक अनंत सिंह लगातार सवाल उठाते रहे हैं और एक नेता के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते रहे हैं। विधायक अनंत सिंह स्थानीय पुलिस के अधिकारियों पर मुंगेर के जेडीयू उम्मीदवार के पक्ष में काम करने का भी आरोप लगाते रहे हैं। कुछ दिन पहले विधायक ने बाढ़ की एएसपी लिपि सिंह को हटाने की मांग कर चुके हैं।यहां बता दें कि मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी चुनाव लड़ रही है वहीं जदयू की तरफ से मंत्री ललन सिंह चुनावी मैदान में हैं।दोनों के बीच कांटे की मुकाबला है।