BHOJPURI FILM INDUSTRY : अक्षरा सिंह को लेकर अश्लील गाना गानेवाले सिंगर के खिलाफ दर्ज हुआ एफआईआर, भोजपुरी अभिनेत्री ने की थी शिकायत

PATNA : भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में पिछले तीन साल से अभिनेत्री अक्षरा सिंह और एक्टर पवन सिंह के विवाद चल रहा है। कुछ दिन पहले इन दोनों के संबंधों को लेकर भोजपुरी गायक नीलकमल सिंह द्वारा एक बेहद ही अश्लील गाना रिलीज किया गया था, जिसमें अभिनेत्री को लेकर गंदी भाषा का प्रयोग किया गया है। अब इस गाने के लेकर अभिनेत्री ने कंकड़बाग पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गायक नील कमल सिंह, धीरज कुमार सहित अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सिंगर और उनके साथियों के खिलाफ IPC ACT के 354 ए, 501 और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की तैयारी शुरू कर दी है।

गाने जिस नीलकमल की आवाज बताई जा रही है, वह आरा का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए कंकड़बाग थाने की एक विशेष टीम जल्द ही आरा रवाना हो सकती है।  कंकड़बाग थाने की पुलिस ने आरा पुलिस से भी संपर्क किया है। कंकड़बाग थानाध्यक्ष ने बताया कि छानबीन की जा रही है। दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई होगी। 

अक्षरा ने किया था गाने का लिंक

 अक्षरा ने अश्लील गाने का लिंक अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। नीलकमल को इस गाने का गायक बताते हुए लिखा है-बहुत बहुत धन्यवाद इन शब्दों के लिए। मां, बेटी, बहन और नारी शक्ति के लिए आपके दिल से जो शब्द निकला है उसके लिए आपका आभार। भोजपुरिया समाज का आपने जो मान बढ़ाया है उसके लिए आपके चरणों में पुष्प अर्पित करना चाहती हूं। गाने में नीलकमल अश्लील गीत को गा रहा है। साथ ही पीछे से कुछ और लोगों की आवाज आ रही है, जाे गाने के लिए उकसा रहे हैं।

बता दें कि एक समय अक्षरा सिंह और पवन सिंह के बीच संबंध बेहद गहरे थे। दोनों ने एक साथ दर्जन भर से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। बताया जा रहा है कि दोनों शादी करने की योजना भी बना रहे थे. लेकिन इसी दौरान पवन सिंह के द्वारा परिवार की पसंद की गई लड़की से विवाह करने के बाद उनके रिश्तों में दरार आ गया। यह भी खबर सामने आई थी कि इसके बाद पवन सिंह ने अक्षरा को कई फिल्मों से निकलवा दिया था। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी थी।