अटल जी के निधन पर शुक्रवार को बिहार सरकार ने घोषित की छुट्टी, सात दिनों का राजकीय शोक

PATNA :  पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है। बिहार सरकार ने शुक्रवार को सरकारी छुट्टी  घोषित की है। बिहार सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर सात दिनों के राजकीय शोक एवं शुक्रवार (17 अगस्त) को एक दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। शुक्रवार को बिहार सरकार के कार्यालय के साथ ही स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। केन्द्र सरकार ने अटल जी के निधन पर पूरे देश में 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक  घोषित किया है। 

बता दें कि अटल जी का पार्थिव शरीर  दिल्ली  के सरकारी निवास स्थान 6A कृष्णा मेनन मार्ग पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। शुक्रवार को सुबह 9 बजे अटल जी के पार्थिव शरीर को बीजेपी मुख्यालय पर जनता के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। दिन में 1 बजे उनकी अंतिम यात्रा शुरु होगी। दिल्ली के  राष्ट्रीय स्मृति स्थल पर शुक्रवार को शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। यूपी, झारखंड, मध्य प्रदेश,छत्तीसगढ़ सहित ज्यादातर राज्य सरकार ने भी  अटल जी के सम्मान में शुक्रवार को सरकारी अवकाश धोषित किया गया है। 

गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का गुरुवार शाम एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 93 साल के थे। एम्स ने शाम को बयान जारी कर बताया, 'पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 16 अगस्त 2018 को शाम 05.05 बजे अंतिम सांस ली। पिछले 36 घंटों में उनकी तबीयत काफी खराब हो गई थी। हमने पूरी कोशिश की पर आज उन्हें बचाया नहीं जा सका।'