भाजपा के कद्दावर नेता सुशील कुमार मोदी आज से होंगे राज्यसभा के सदस्य, 4 बजे उपराष्ट्रपति दिलाएंगे शपथ

डेस्क... बिहार के कद्दावर नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी आज यानी 12 दिसंबर को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। वे निर्विरोध निर्वाचित किए गए हैं। दो दिन पहले विधान परिषद से इस्तीफा दे दिए हैं। चारों सदन के सदस्य बनने वाले वे प्रदेश के तीसरे नेता हो गए। इनके पहले लालू प्रसाद और नागमणि हैं।
वहीं, राज्यसभा के लिए नवनिर्वाचित सदस्य सुशील कुमार मोदी आज अपराह्न चार बजे संसद भवन के ग्राउंड फ्लोर स्थित राज्यसभा चैम्बर (वेशम) में वे शपथ लेंगे। उन्हें भारत के उपराष्ट्रपति सह राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण के लिए सुशील मोदी शुक्रवार यानी 11 दिसम्बर को ही दिल्ली पहुंच गए।
सुशील मोदी का सफर
सुशील मोदी वर्ष 1990 में सक्रिय राजनीति में शामिल होने के बाद पटना केंद्रीय (अब कुम्हरार) विधान सभा से चुनाव जीते। 1996 से 2004 तक आठ साल तक बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे। साल 2000 में सात दिनों की नीतीश सरकार में संसदीय कार्य मंत्री बने। 2004 में भागलपुर से लोकसभा के सांसद बने। झारखंड गठन के प्रबल समर्थक सुशील मोदी 2005 में बिहार में एनडीए के शासन में आने पर लोकसभा से इस्तीफा देकर बिहार के उपमुख्यमंत्री बने। जून 2013 में भाजपा के नीतीश सरकार से अलग होने तक वे उपमुख्यमंत्री रहे। सरकार से हटने पर बिहार विधान परिषद में विरोधी दल के नेता बने। साथ ही बिहार विधानमंडल में विरोधी दल के भी नेता बने। जेपी आंदोलन में सुशील मोदी सक्रिय रहे हैं। सन् 1974 में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आह्वान पर एमएससी की पढ़ाई छोड़ दी और 19 महीने तक जेल में रहे। इससे पहले 1968 में आरएसएस का उच्चतम प्रशक्षिण यानी अधिकारी प्रशक्षिण कोर्स ज्वाइन किया। मैट्रिक की पढ़ाई पूरी करने के बाद आरएसएस के विस्तारक के रूप में भी काम किया।