वृषिण पटेल ने थामा रालोसपा का दामन, कुशवाहा बोले- पार्टी को मिलेगी मजबूती

PATNA : बिहार के पूर्व मंत्री वृषिण पटेल ने रविवार को रालोसपा का दामन थाम लिया। पार्टी कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में रालोसपा अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने वृषिण पटेल को पार्टी की सदस्यता दिलाई। बता दें कि इससे पहले वृषिण पटेल ने जीतनराम मांझी से विवाद के बाद हम के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

इस अवसर पर उपेन्द्र कुशवाहा ने वृषिण पटेल की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि बिहार के जितने गांव में वृषिण पटेल ने घूमा है उतना नीतीश जी भी नहीं घूमे हैं। कुशवाहा ने कहा कि नीतीश जी का अपना रवैया है जो सत्ता से बाहर रहने पर संघर्ष का साथी तो अच्छा लगता है लेकिन सत्ता में जाने के बाद नीतीश जी का टेस्ट बदल जाता है। इसलिए देर सबेर लोग उनसे अलग हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि पटेल साहेब और हम सबने मिलकर समता पार्टी में मिल कर बहुत काम किया था। इनके रालोसपा में आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि वे काराकाट से ही लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। लोकसभा चुनाव में जनता पीएम मोदी को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार का समां बदला है। पूरे बिहार में महागठबंधन के पक्ष में हवा चल रही है। अब चौकीदारी की बात हो रही है मोदी जी की चौकीदारी गरीब दलित अल्पसंख्यक के लिए नहीं है। चुनाव में जनता सबक सिखाएगी।