प्रधानमंत्री मोदी संग बैठक कर बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री, भाजपा की इस रणनीति को करना है सफल

पटना. दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के नेतृत्व वाली राज्यों के मुख्यमंत्रियों तथा उप मुख्यमंत्रियों के साथ एक बड़ी बैठक चल रही है। इसे भाजपा मुख्यमंत्री परिषद की बैठक बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक के यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हो रही है।
इस बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित कई और नेता पहुंचे हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह भी इस बैठक में शामिल हो रहे हैं।
वहीं, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, बिहार के उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद और रेनू देवी, उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य और बृजेश पाठक भी इस बैठक में मौजूद हैं। सूत्रों के मुताबिक आगामी 2024 चुनाव को देखते हुए यह बैठक काफी महत्वपूर्ण है। इस बैठक में पार्टी की ओर से कई बड़े निर्णय लिए जा सकते हैं। इस बैठक के लिए अहम मुद्दा गुड गवर्नेंस है।
सूत्रों का कहना है कि पीएम मोदी आने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर अभी से तैयारी में जुट गए हैं. इसके लिए भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को विशेष टास्क दिया जा रहा है. पीएम मोदी अपने स्तर से सभी मुख्यमंत्रियों को आने वाले चुनावों के पूर्व केंद्र तथा राज्यों की जनहितकारी योजनाओं को व्यापक स्तर पर आम जन तक पहुंचाने पर काम करने कह सकते हैं. साथ ही भाजपा के प्रति हर वर्ग के विश्वास को जीतने पर विशेष रणनीति बनाई जा सकते हैं. अलग अलग राज्यों में चल रहे कार्यों की भी पीएम मोदी सभी मुख्यमंत्रियों से जानकारी ले सकते हैं जो एक प्रकार से राज्यों का रिपोर्ट कार्ड होगा.