सीएम नीतीश ने ककोलत जलप्रपात में पर्यटकीय सुविधाओं का किया लोकार्पण, सैलानी लेंगे नैसर्गिक खूबसूरती संग आधुनिक सुविधाओं का आनंद

सीएम नीतीश ने ककोलत जलप्रपात में पर्यटकीय सुविधाओं का किया ल

नवादा.  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को नवादा में ककोलत जलप्रपात में पर्यटकीय सुविधाओं का लोकार्पण किया. ककोलत जलप्रपात को पर्यटन हितैषी और आधुनिक सुविधाओं से युक्त करना सीएम का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता है. नई सुविधाओं के बाद ककोलत के मुख्य झरने के कुंड को भी आकर्षक बनाया गया है. यहां आकर्षक रेलिंग, सुंदर सीढ़ियाँ, सेल्फी पॉइंट और आकर्षक मुख्य द्वार बनाए गए हैं. साथ ही कैफेटेरिया, चेंजिंग रूम, अमानती घर, पार्किंग, पेयजल, प्राथमिक उपचार, महिला-पुरुष शौचालय, पर्यटक सूचना केंद्र, प्राकृतिक कुंड जैसी सुविधाएं मिलेंगी.

 

दरअसल, सीएम नीतीश 30 दिसम्बर 2018 को पहली बार ककोलत पहुंचे. कहा जाता है कि सीएम यहां की नैसर्गिक खूबसूरती से मंत्रमुग्ध हो गये और उनके निर्देश पर यहां इको पर्यटन की तमाम संभावनाओं व इसके सौंदर्यीकरण की वृहत परियोजना बनायी गयी। मार्च 2019 तक 2.27 करोड़ की लागत से ककोलत में 188 सीढ़ियों का निर्माण किया गया। लंबी परियोजना व विभिन्न तकनीकी जटिलता के कारण लंबित परियोजना पर 28 जनवरी 2022 को दोबारा काम शुरू हुआ। सीएम ने 27 मई 2022 को ककोलत का पुन जायजा लिया और कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।  

सीएम नीतीश द्वारा ककोलत जलप्रपात पर नव सुविधाओं का लोकार्पण करने से यहां पर्यटकों को कई प्रकार की सुविधाएं मिलनी शुरू हो गई हैं. साथ ही नवादा में अब पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा. वहीं सैलानियों को कई प्रकार आधुनिक सुविधाएं भी मिलेगी. इसमें पर्यटक प्रदूषण मुक्त वातावरण में मुख्य द्वार नेचर सफारी का आनंद ले सकेंगे. वहीं महिलाओं के लिए कपड़े बदलने के लिए कमरे की व्यवस्था होगी. 

पार्किंग की खास सुविधा : ककोलत में प्रवेश के लिए 10 टिकट काउंटर बनाये गये हैं। प्रवेश शुल्क 10 रुपये निर्धारित किया गया है। दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क 20 रुपये, तीन पहिया वाहनों के लिए 30 रुपये, चारपहिया वाहनों के लिए 50 रुपये और बसों व भारी वाहनों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है।

अमन की रिपोर्ट