बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

"मुख्यमंत्री के जन संवाद कार्यक्रम" में शामिल हुए सीएम नीतीश, कुशेश्वरस्थान में कई योजनाओं का किया कार्यारंभ

"मुख्यमंत्री के जन संवाद कार्यक्रम" में शामिल हुए सीएम नीतीश, कुशेश्वरस्थान में कई योजनाओं का किया कार्यारंभ

PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दरभंगा जिले के कुशेश्वर स्थान पहुंचकर कुशेश्वर स्थान में जलजमाव से निजात दिलाने हेतु किए जा रहे कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। साथ ही जलनिकासी हेतु नरैला चौर नाला उड़ाहीकरण के कार्य का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस ने किए जा रहे कार्यों के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कुशेश्वर स्थान पूर्वी प्रखंड के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण क अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के पश्चात् मुख्यमंत्री नंदकिशोर उच्च विद्यालय, हिरणी पहुंचे और वहां लगाये गये विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। स्टॉल निरीक्षण के उपरांत 'मुख्यमंत्री जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का स्वागत पौधा, प्रतीक चिन्ह, अंगवस्त्र एवं पेंटिंग भेंटकर किया गया। मुख्यमंत्री ने लोगों के बीच जाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। जन संवाद कार्यक्रम में मधुकांत साह, मणिकांत झा, शुभम कुमार झा, विजय कुमार यादव, संजय कुमार झा, बबिता देवी, काजल कुमारी, रामानंद शर्मा, दिलीप कुमार राय, रिंकु कुमार यादव, संतोष चौपाल, मिन्टू कुमार,अश्विनी कुमार, विद्यार्थी कुमार सहित अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री से संवाद कर मुख्यमंत्री को इस क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों के लिए धन्यवाद दिया और क्षेत्र की कुछ समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान रिमोट के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का कार्यारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि आपलोगों ने अमन भूषण हजारी को विधानसभा उपचुनाव में विजयी बनाया है, इसके लिए आप सभी को धन्यवाद देता हूं। इनके पिता जी स्व० शशि भूषण हजारी जो तीन बार विधायक थे, उनका असामयिक निधन हो गया। एक माह के अंदर ही अमन जी की माता जी का भी देहांत हो गया। हमलोगों ने एन०डी०ए० की बैठक में निर्णय लिया था कि कुशेश्वरस्थान से अमन भूषण हजारी को ही प्रत्याशी बनाएंगे और हमलोगों ने इन्हें प्रत्याशी बनाया। यहां कि जनता ने इन्हें चुनाव में विजयी भी बनाया। चुनाव प्रचार में हम भी दो जगहों पर आए थे और उस समय हमने कहा था कि आपके बीच आएंगे और आपकी समस्याओं के बारे में आपसे बातचीत करेंगे। पंचायत चुनाव समाप्त होने के बाद आपके बीच आज उपस्थित हुए है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से हमें काम करने का मौका मिला है, हमलोग बिहार के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। बिहार के 28 जिले अधिक वर्षापात और बाढ़ से प्रभावित रहते हैं। दरभंगा भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है इसमें कुशेश्वरस्थान विशेष रूप से प्रभावित है। यहां की जलनिकासी को लेकर भी योजनाबद्ध ढंग से काम शुरु किया गया है। अधिकारियों द्वारा बताया गया है कि अगले साल बाढ़ आने से पहले काम को पूरा कर लिया जाएगा। आज चार योजनाओं का कार्यारंभ भी किया गया है, जिसमें रोसड़ा-मबी ढाला- सरहधिया - मंगलगढ़ - काले- राजघाट-शक्ति घाट पथ के (कुल लंबाई 8.40 किमी में) चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का कार्यारंभ, पिपराघाट पथ के 0 किमी से 3.95 किमी में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्यारंभ, कुशेश्वरस्थान प्रखंड के विभिन्न चौरों में अवस्थित 8 अदद पुनिर्जीवित / पुनर्स्थापन, साफ-सफाई कार्य का कार्यारंभ तथा बागमती बाढ़ प्रबंधन योजना फेज-3 (बी के अंतर्गत) सिरनिया-फुहिया तटबंध के 70.42 से 74.42 कि०मी० तक नए तटबंध का निर्माण एवं 70.793 कि०मी० तक एंटी फ्लड स्लुईस के निर्माण कार्य का कार्यारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा में एम्स का निर्माण कराया जा रहा है। वर्ष 2015 में बिहार में दूसरे एम्स के निर्माण की बात हुयी तो दरभंगा में एम्स निर्माण की परिकल्पना मेरे मन में थी। हमने शुरू से ही कहा है कि दरभंगा में दूसरा एम्स बनेगा। दरभंगा में एम्स निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध करा दी गयी है। दरभंगा की जमीन उपजाऊ है, अधिक जलजमाव की वजह से लोग खेती नहीं कर पाते हैं। जल निकासी की व्यवस्था हो जाएगी तो यहां लोग खेती करेंगे और लोगों की आमदनी भी बढ़ेगी। दरभंगा मेडिकल कॉलेज का भी हमलोग विस्तार कर रहे हैं। कुशेश्वरस्थान में कई प्रकार के विकास के कार्य किए जा रहे हैं। जो मौलिक समस्याएं बतायी गई हैं उसका भी निदान हमलोग करने में लगे हैं। बाईपास निर्माण, थाने का निर्माण, प्रखंड सह अंचल कार्यालय के भवन का निर्माण आदि के कार्य किए जा रहे हैं। बाढ़ के दौरान मुख्य रूप से इस क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति को ठीक करना है ताकि सड़कें भी ठीक रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमन भूषण हजारी, जो नए विधायक बने हैं वो आपलोगों बीच रहकर आपकी समस्याओं को जानेंगे और सेवा करते रहेंगे। हमलोग भी आपकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम करते रहेंगे।

कार्यक्रम को शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, विधानसभा के उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी, विधायक अमन भूषण हजारी, विधायक स्वर्णा सिंह एवं विधायक अजय चौधरी ने संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक फराज अहमद, पूर्व विधान पार्षद दिलीप चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, स्वास्थ्य सह पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव चंचल कुमार, लघु जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव रवि मनुभाई परमार, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी, जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, दरभंगा जिलाधिकारी त्यागराजन एस०एम० वरीय पुलिस अधीक्षक बाबू राम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। आयोजित 'मुख्यमंत्री के जन संवाद कार्यक्रम के पश्चात बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री ने पूजा अर्चना की और राज्य की सुख शांति एवं समृद्धि की कामना की।

Suggested News