Bihar Crime : बेगूसराय के बलिया में बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग, नगर पार्षद पति समेत दो को लगी गोली, इलाके में दहशत का माहौल

Bihar Crime :बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद के वार्ड संख्या 21 (लखमीनिया) में शुक्रवार की देर शाम ताबड़तोड़ हुई फायरिंग से पूरा इलाका थर्रा उठा......पढ़िए आगे

Bihar Crime : बेगूसराय के बलिया में बदमाशों ने की अंधाधुंध फ
बेगूसराय में फायरिंग - फोटो : AJAY SHASTRI

BEGUSARAI : जिले के बलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम अंधाधुंध फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना बलिया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 स्थित लखमीनिया की बताई जा रही है। गोलीबारी की इस घटना में नगर पार्षद के पति मोहम्मद इरशाद समेत दो युवकों के गोली लगने की सूचना है। दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शुक्रवार की देर शाम अचानक फायरिंग शुरू हो गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग सहम गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोलीबारी में नगर पार्षद पति मोहम्मद इरशाद और एक अन्य युवक घायल हुए हैं। दोनों के शरीर में गोली लगने की बात सामने आई है। फिलहाल दोनों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। घायलों की स्थिति को लेकर चिकित्सकों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि घटना से कुछ दिन पहले किसी विवाद को लेकर पंचायत भी हुई थी। इसी पंचायत से जुड़े विवाद को गोलीबारी की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और गोली किसने चलाई, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही बलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग करने वाले कौन लोग थे और घटना के पीछे पुराना विवाद था या कोई अन्य वजह।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गोलीबारी में इस्तेमाल हथियार, फायरिंग करने वालों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद लखमीनिया इलाके में पुलिस की गतिविधियां बढ़ गई हैं। हालांकि, घटना को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट