बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार से पहले कांग्रेस में घमासान : कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को खदेड़ा, बताया दलाल

पटना. बिहार में महागठबंधन सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार से पहले कांग्रेस में घमासान मच गया है। मंत्रिमंडल में सम्मानजनक मंत्रियों की संख्या नहीं मिलने पर कांग्रेस कार्याकर्ताओं ने अपने प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को कांग्रेस कार्यालय से खदेड़ दिया। नाराज कांग्रेसी नेताओं का कहना है कि नीतीश सरकार में सम्मानजनक स्थान नहीं मिला तो मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होंगे, जबकि उन्होंने ये भी कहा है कि महागठबंधन सरकार का समर्थन करते रहेंगे।
मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर पटना के सदाकत आश्रम में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा का विरोध करना शुरू कर दिया है। नाराज कार्यकर्ताओं ने कहा कि सम्मानजनक मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलेगी तो हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे। महागठबंधन के साथ रहेंगे, लेकिन मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होंगे। इतना ही नहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को पार्टी कार्यालय से खदेड़ कर भगा भी दिया गया।
इस दौरान मदन मोहन झा के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुर्दाबाद के नारे भी लगाने शुरू कर दिये। नाराज कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को दलाल भी कह दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम इन्हें नहीं मानते। हम सोनिया गांधी और राहुल गांधी से बात करेंगे। बता दें कल ही मंत्रिमंडल का विस्तार होना है। मंत्रिमंडल के विस्तार से पहले ही कांग्रेस में घामासान मच गया है।
कांग्रेस कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा फहराने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा के खिलाफ उनके ही कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महागठबंधन सरकार में कांग्रेस को पांच मंत्री होने चाहिए। इससे कम हम लोग नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि हम लोग प्रदेश अध्यक्ष को नहीं मानते हैं। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी हैं। हमारा नेतृत्व राहुल गांधी कर रहे हैं। हम उनकी बात मानेंगे।