साहब, मेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी, शादी हो जाने दो..., गिड़गिड़ाती रही दुल्हन, मंडप से गैंगस्टर दूल्हे को उठा ले गई पुलिस
भोपाल के कोह-ए-फिजा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सात फेरों से ठीक पहले पुलिस ने दूल्हे को दबोच लिया। गर्दन पर 'अवैध' शब्द का टैटू गुदवाने वाले इस गैंगस्टर की दुल्हन हाथ में मेहंदी लगाए थाने पहुंची और ऐसी मांग कर दी कि पुलिस भी दंग रह गई।
N4N Desk - भोपाल के कोह-ए-फिजा इलाके में एक शादी समारोह उस वक्त 'फिल्मी क्राइम थ्रिलर' में बदल गया, जब रस्मों के बीच ही पुलिस की भारी फौज ने दस्तक दे दी। जिस मंडप में मंत्रोचार और खुशियों का शोर होना था, वहां अचानक सन्नाटा पसर गया। दूल्हा आकाश नीलकंठ उर्फ ‘भूरा’ जैसे ही फेरों की तैयारी कर रहा था, पुलिस ने उसे दबोच लिया। मेहमानों को लगा कि शायद कोई गलतफहमी है, लेकिन जल्द ही साफ हो गया कि दूल्हा कोई साधारण युवक नहीं, बल्कि पुलिस की हिट-लिस्ट में शामिल एक कथित गैंगस्टर है।
मेहंदी रचे हाथों से थाने पहुंची दुल्हन: 'साहब, बस दो घंटे दे दो'
इस पूरे ड्रामे का सबसे भावुक और चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब शादी के जोड़े में सजी दुल्हन सीमा सीधे थाने पहुंच गई। उसके हाथों में पिया के नाम की गहरी मेहंदी रची थी और चेहरे पर हल्दी का रंग अभी उतरा भी नहीं था। रोती-बिलखती दुल्हन ने पुलिस अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर गुहार लगाई कि उसके मंगेतर को सिर्फ दो घंटे के लिए रिहा कर दिया जाए ताकि शादी की रस्में पूरी हो सकें। उसने बेबसी से कहा, "साहब, मेहमान घर पर इंतज़ार कर रहे हैं, इसमें मेरी क्या गलती है?"
हथकड़ियों के साये में शादी की मांग: पुलिस ने फेर लिया मुंह
जब पुलिस ने कानूनी पेचीदगियों के चलते दूल्हे को छोड़ने से साफ इनकार कर दिया, तो दुल्हन ने एक और हैरान करने वाली ज़िद पकड़ ली। उसने मांग की कि यदि आकाश को बाहर नहीं भेजा जा सकता, तो कम से कम थाने के अंदर या पुलिस हिरासत में ही शादी की रस्में पूरी करवा दी जाएं। हालांकि, गंभीर आपराधिक मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इस फिल्मी मांग को भी सिरे से खारिज कर दिया, जिससे दुल्हन के अरमान आंसुओं में बह गए।
कौन है गर्दन पर 'अवैध' टैटू वाला गैंगस्टर 'भूरा'?
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आकाश उर्फ भूरा भोपाल के एक कुख्यात और अजीबोगरीब गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। इस गैंग को स्थानीय स्तर पर "अवैध गिरोह" के नाम से जाना जाता है। 2018 से सक्रिय इस गैंग की पहचान इसके सदस्यों की गर्दन पर बने "अवैध" शब्द के टैटू से होती है। करीब 50 से ज्यादा युवकों वाले इस गिरोह पर शहर में दहशत फैलाने और अवैध वसूली के दर्जनों मामले दर्ज हैं।
पुजारी का अपहरण और 8 लाख की फिरौती ने बिगाड़ा खेल
आखिर पुलिस शादी के मंडप तक क्यों पहुंची? इसकी वजह थी एक 26 साल के पुजारी का अपहरण। आरोप है कि भूरा और उसके गैंग ने पुजारी को बंधक बनाकर एक फ्लैट में कैद किया, उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और जान छोड़ने के बदले 8 लाख रुपये की फिरौती मांगी। डरे हुए परिवार ने ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर किए। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर पुजारी ने 11 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस 'ऑपरेशन दूल्हा' के लिए तैयार हुई।
6 साल का प्यार और एक झटके में उजड़े सपने
बताया जा रहा है कि सीमा और आकाश पिछले छह साल से प्रेम संबंध में थे। हफ्तों से घर में शहनाइयों की तैयारी चल रही थी और कपड़े-गहने खरीदे जा चुके थे। लेकिन दूल्हे के आपराधिक बैकग्राउंड ने न केवल शादी रुकवा दी, बल्कि आकाश और उसके साथियों को सीधे जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जिससे फिलहाल इस प्रेम कहानी का क्लाइमेक्स सलाखों के पीछे ही खत्म होता दिख रहा है।