पटना में शैक्षिक संस्थान के डायरेक्टर से अपराधियों ने मांगी 6 करोड़ की रंगदारी, नहीं देने पर जान से मारने की दी धमकी, दहशत में परिवार
PATNA: पटना के एक शैक्षिक संस्थान के निदेशक प्रमोद कुमार सिंह से छह करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार पटेल नगर में रहने वाले प्रमोद कुमार सिंह ने इस संबंध में साइबर थाना में मामला दर्ज कराया है। पीड़ित प्रमोद कुमार ने पुलिस को बताया है कि उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से 6 करोड़ की रंगदारी की मांग की गई है।
वहीं रंगदारी की मांग करने वाले ने लिखा है कि अगर छह करोड़ की रंगदारी नहीं दोगे तो तुम्हारे बेटा और बेटी को जान से मार देंगे। बताया जा रहा है कि बीते 29 फरवरी से लगातार उनके व्हाट्सएप पर धमकी भरा मैसेज किया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस से कहा कि इससे उनका पूरा परिवार डरे सहमे और मानसिक रूप से तनाव में है।
इधर केस के आईओ राजकुमार पांडेय ने कहा कि प्रथमदृष्टया मामला लेनदेन का लग रहा है। जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस अब जिस मोबइल नंबर से रंगदारी मांगी गई है उसकी जांच में जुट गई है। पुलिस उक्त नंबर का सीडीआर निकाल रही है। जांच के बाद ही मामले का सच पता चल पाएगा।
पटना से अनिल की रिपोर्ट