बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

अस्पताल के ऑक्सीजन मशीन में विस्फोट से लगी आग, ऑक्सीजन सप्लाई रुकने से एक मरीज की मौत

अस्पताल के ऑक्सीजन मशीन में विस्फोट से लगी आग, ऑक्सीजन सप्लाई रुकने से एक मरीज की मौत

Desk : अस्पताल के आईसीयू वार्ड में बुधवार को अचानक हाईफ्लो ऑक्सीजन मशीन में धमाके के साथ आग लग गई। आग लगने से ऑक्सीजन की सप्लाई रुक गई और यहां भर्ती एक मरीज की ऑक्सीजन की कमी के चलते मौत हो गई। यह घटना मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिला अस्पताल की है। इधर घटना के बाद कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं।

मृतक मरीज की पहचान 65 वर्षीय मोहम्मद इस्लाम के रुप में हुई है। बताया गया है कि गुना के रहने वाले इस्लाम यहां भर्ती थे, जिन्हें कोरोना संक्रमण के संदेह में अस्पताल में लाया गया था। इस्लाम की जांच रिपोर्ट कोरोना निगेटिव आई थी, लेकिन उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इसे देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती किया हुआ था और उन्हें ऑक्सीजन दिया जा रहा था। हालांकि, ऑक्सीजन मशीन में विस्फोट से इसकी सप्लाई रुक गई और इस्लाम को ऑक्सीजन नहीं मिलने से उनकी मौत हो गई। 

वेंटिलेटर में आग लगने के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मरीज को ऑक्सीजन की कमी के चलते झटके लेते देख उसके बेटे ने मदद की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इस दौरान इस्लाम का बेटा ताहिर डॉक्टरों से गुहार लगाता रहा कि अब्बू की स्थिति बिगड़ रही है। कोई आकर उन्हें ऑक्सीजन लगा दे, लेकिन बेटे की किसी ने एक न सुनी। आखिरकार ऑक्सीजन की कमी के चलते मरीज इस्लाम ने वहीं दम तोड़ दिया।

वहीं, पिता की मौत के बाद बेटे ताहिर ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। कलेक्टर ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।


Suggested News