लोकसभा सीट बंटवारे के हलचल के बीच उपेंद्र कुशवाहा से मिले बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, दिया बड़ा बयान
PATNA: बिहार की सियासत गरमाई हुई है। लोकसभा चुनाव होने में अब कुछ ही समय बचा है। ऐसे में सीट बंटवारे को लेकर राज्य की सियासत गरमाई हुई है। बिहार में जदयू, जीतन राम मांझी के हम, उपेंद्र कुशवाहा के (रालोमो), चिराग पासवान के लोजपा (रा) और पशुपति पारस रालोजपा के साथ भाजपा का गठबंधन है। ऐसे में सीट के लिए एक फार्मूला तय करने पर मंथन चल रहा है। अभी तक ना तो कोई फार्मूला तय हो पाया है और ना ही एक सहमति बन पा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार की देर रात दिल्ली से इंग्लैंड के लिए रवाना हो गए है।
वहीं दूसरी ओर चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा और जीतनराम मांझी की सीटों को लेकर नाराजगी की खबरें भी सामने आ रही है। ऐसे में भाजपा की ओर से रूठे हुए साथियों को मनाने की प्रकिया शुरू हो गई है। वहीं एनडीए में सीट बंटवारे के चर्चा के बीच भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल उपेंद्र कुशवाहा के आवास पहुंचे। करीब 20 मिनट तक दोनों नेताओं में बातचीत हुई है।
दोनों नेताओं ने मुलाकत के बाद सीट बंटवारे को लेकर बयान भी दिया है। मुलाकात के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि, आज महाशिवरात्रि का शुभकामनाएं देने के लिए वह उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर पहुंचे थे। वहीं सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि समय के साथ सब पता चल जाएगा अब लोग इंतजार करिए।
वहीं मुलाकात के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि, हम लोग एनडीए का हिस्सा है, हम लोग एक साथ हैं एक साथ चुनाव लड़ना है। 40 की 40 सीटों पर एनडीए की तैयारी है। सीट बंटवारे में कहीं कोई दिक्कत नहीं है। समय पर सब बता दिया जाएगा। किसी को इंडिया में आने से कोई दिक्कत नहीं है। सब ठीक है समय पर सब जानकारी दे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनडीए बिहार के सभी सीटों पर चुनाव लड़कर जीतने का काम करेगी।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट