नाबालिग बच्ची को अगवा कर 9 युवकों ने किया गैंगरेप, 5 गिरफ्तार 4 फरार

News4nation desk : एक नाबालिग बच्ची को अगवाकर नौ युवकों द्वारा गैंगरेप किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं 4 की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। मामला झारखंड के लोहरदगा जिले की है।
घटना के संबंध में बताया गया है कि लोहरदगा में एक चौकीदार की बेटी को 9 युवको ने अगवा कर लिया। इसके बाद सभी ने बारी-बारी से उसके साथ रेप किया। घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी लड़की को गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस को इसकी सूचना दी गई। वहीं बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया।
लोहरदगा एसपी प्रियंका मीणा ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी मुख्यालय परमेश्वर प्रसाद की अगुवाई में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक दल का गठन किया गया। इसमें महिला थाना प्रभारी अलबीना लकड़ा, एसआई राजकिशोरी कुजूर, लोहरदगा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर केश्वर साहू, जेएसआई पंकज शर्मा शामिल हैं।
पुलिस टीम ने लोहरदगा के महादेव टोली में छापामारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। एसपी ने कहा कि अन्य चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।