Flood In Bihar: गंगा-सोन-पुनपुन ने मिलकर पटना को घेरा, कई गांवों में भरा पानी, सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त

Flood In Bihar: गंगा-सोन-पुनपुन ने मिलकर पटना को घेरा, कई गा

बिहार में बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है, जिससे गंगा, सोन, पुनपुन और फल्गु नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। तटवर्ती इलाके जलमग्न हो रहे हैं और लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इन इलाकों में हजारों लोग अपने घरों को छोड़ने पर मजबूर हो गए हैं। मकान ढह रहे हैं, सड़कों पर पानी बह रहा है, और फसलें बर्बाद हो चुकी हैं।


गंगा, सोन, पुनपुन और फल्गु नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे सारण, बक्सर, भोजपुर और जहानाबाद जैसे जिलों में बाढ़ का पानी घरों और खेतों में घुस गया है। हजारों हेक्टेयर में लगी फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। पटना के दियारा क्षेत्र के कई गांव जलमग्न हो गए हैं। सड़कों पर दो से तीन फुट पानी बह रहा है, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है। स्कूलों में बाढ़ का पानी घुस जाने के कारण पढ़ाई-लिखाई ठप हो गई है।


बाढ़ से किसानों की फसलें नष्ट हो चु की हैं, और हजारों पशुओं की भी जान गई है। निचले इलाकों में बसे लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोग प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक राहत कार्यों में तेजी नहीं आई है। लोगों को भोजन और पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। बिहार के विभिन्न जिलों में बाढ़ की वजह से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है, और आने वाले दिनों में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।