शादी के तीन माह बाद दिया बच्चे को जन्म, पति को गैस से पेट फूलने की बात कहकर बनाती रही बेवकूफ

GHAZIABAD : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शादी के तीन माह बाद ही एक विवाहिता ने बच्चे को जन्म दिया। जिसके बाद महिला के पति ने उस पर धोखा देने का आरोप लगाया है। उसने अदालत में गुहार लगाई है। उधर, बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम से पत्नी गहरे तनाव की शिकार हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार लोहियानगर की लड़की और मोहननगर के इस लड़के की शादी इस साल 18 मार्च को हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही लड़की का पेट निकलने लगा। पति ने कहा शादी के एक महीने बाद ही पत्नी ने उससे बताया कि वह गर्भवती हो गई है। इस सूचना पर वह खुश था। लेकिन पेट अधिक बाहर निकला हुआ था। जिस पर पत्नी ने बहाना बनाया कि गैस के कारण उसका पेट ज्यादा बाहर निकल गया है। पत्नी के इस जवाब से पति कुछ दिनों तक मामले को टाल दिया।
अल्ट्रासाउंड से हुआ खुलासा
मामले का खुलासा तब हुआ, जब पति अपनी गर्भवती पत्नी के फूलते पेट का हाल देखकर उसका अल्ट्रासाउंड कराने के लिए पहुंचा। तब पत्नी के गर्भवती होने के बारे में उसे पता चल गया। विवाहिता और अपने ससुरालवालों के खिलाफ महिला थाना पहुंचे पति ने बताया कि कोरोना की दूसरी लहर चल रही थी। घर से बाहर निकलना खतरनाक था। सो, पति ने वीडियो कॉल के जरिए डॉक्टर से सम्पर्क किया। डॉक्टर ने जो दवाइयां बताईं पति वही दवाइयां पत्नी को देने लगा। 25 जून को वह पत्नी को लेकर एक क्लिनिक पर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने चेकअप करने के बाद बताया कि उसकी पत्नी आठ महीने से ज्यादा समय की गर्भवती है। डॉक्टर ने बताया कि डिलीवरी कभी भी हो सकती है।
मायके में दिया बेटे को जन्म
डॉक्टर की ये बातें सुनकर पति चकरा गया। उस दिन तक उसकी शादी को करीब तीन महीने ही हुए थे। पति ने इस पर पत्नी से सवाल किया और बवाल मचाने लगा। पति के बवाल मचाने पर पत्नी अपने माता-पिता को बुलाकर मायके चली गई। वहां 26 जून को महिला ने एक बेटे को जन्म दिया। इधर पति का आरोप है कि उसे धोखा दिया गया है। उसने अदालत में गुहार लगाई है।