PATNA : बेगूसराय के चुनावी रण में उतरने के साथ गिरिराज सिंह ने अपनी धमक का एहसास करा दिया है। शुक्रवार को पटना से बेगूसराय पहुंचे गिरिराज सिंह ने सबसे पहले सिमरिया पहुंचकर पूजा की। गिरिराज ने सिमरिया में चिदात्मन जी महाराज का दर्शन किया और देवी का आशीर्वाद लिया। गिरिराज सिंह ने बेगूसराय पहुंचकर राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा को नमन किया।
बेगूसराय पहुंचे गिरिराज सिंह पहले ही दिन लेफ्ट के उम्मीदवार कन्हैया कुमार के घर जा पहुंचे। गिरिराज कन्हैया के गांव बीहट पहुंचे और वहां के प्रसिद्ध देवी दुर्गा की मंदिर में पूजा-अर्चना की। बीहट पहुंचकर गिरिराज सिंह ने सीधे तौर पर कन्हैया को यह मैसेज दे दिया कि बेगूसराय में वह खुद को बाहरी नहीं समझते।
उधर कन्हैया कुमार भी आम लोगों के बीच दिनभर चुनाव प्रचार करते रहे। हालांकि कन्हैया के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन के तीन मामले दर्ज हुए। मंसूरचक, तेघड़ा, बछवाड़ा में यह मामले दर्ज किए गए हैं। गिरीराज सिंह के मैदान में उतरने के बाद कन्हैया और उनमें जो एक समानता देखने को मिली वह यह कि दोनों के साथ सेल्फी लेने के लिए युवाओं में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है।