बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

बेतिया में मिड डे मील खाने से सौ से अधिक बच्चों की बिगड़ी तबियत, अभिभावकों ने किया जमकर बवाल, मौके पर पहुंची पुलिस

बेतिया में मिड डे मील खाने से सौ से अधिक बच्चों की बिगड़ी तबियत, अभिभावकों ने किया जमकर बवाल, मौके पर पहुंची पुलिस

BETTIAH : पश्चिम चम्पारण के मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के परसा पंचायत स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय परसा बाबू टोला मझौलिया में मध्याह्न भोजन का निवाला बच्चों के लिए काफी दु:खदाई साबित हुआ। भोजन करते ही बच्चे पेट दर्द, उल्टी, चक्कर आना जैसी बीमारियों से ग्रसित हो गए और तड़पने लगे। यह देख विद्यालय में अफरा तफरी का माहौल हो गया। दर्जन से अधिक बच्चों की स्थिति काफी गंभीर हो गई। यह खबर आग की तरह चारों तरफ फैल गई। अभिभावक दौड़कर विद्यालय में पहुंचे। बच्चों की स्थिति गंभीर देख प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मझौलिया, थाना मझौलिया व सरकारी अस्पताल को सूचित किया गया। साथ ही निजी गाड़ियों से दर्जनों बच्चों को मझौलिया सरकारी अस्पताल में भेजा गया। 

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कुमार अनुभव, मुखिया पुतुल ठाकुर, शिक्षक नेता अजीत कुमार सिंह विद्यालय में पहुंचे और अभिभावकों को शांत करते हुए पीड़ित छात्रों को अस्पताल भिजवाने का काम किया। सरकारी अस्पताल का दो एंबुलेंस विद्यालय में पहुंचकर छात्रों को अस्पताल लाया। जहां छात्र इलाजरत हैं। वही अभिभावकों द्वारा अपने स्तर से भी प्रयास कर बच्चों को अस्पताल भिजवाया गया। 

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूनम कुमारी ने बताया कि एनजीओ द्वारा विद्यालय में भोजन आपूर्ति की जाती है। आज जैसे ही छात्रों ने भोजन खाना शुरू किया। छात्रों में बेचैनी पेट दर्द चक्कर आना उल्टी आदि की समस्या उत्पन्न हो गई तथा देखते ही देखते स्थिति काफी गंभीर हो गई। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि भोजन की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी तथा एनजीओ के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वही आक्रोशित अभिभावकों का कहना है कि जब तक विद्यालय में मध्यान भोजन बनता था। कोई समस्या नहीं होती थी। लेकिन जब से एनजीओ के माध्यम से विद्यालय में खाना आपूर्ति किया जा रहा है। तभी से बच्चों के बीच तरह-तरह की बीमारी देखने को मिल रही है। आए दिन दूषित भोजन आपूर्ति की जा रही है जिसका कुप्रभाव बच्चों पर पड़ रहा है। आक्रोशित अभिभावकों ने एनजीओ के माध्यम से विद्यालय में खाना आपूर्ति बंद करने और विद्यालय में ही मध्यान भोजन संचालित करने की मांग की है।

फिलहाल इस घटना ने परसा पंचायत में हलचल मचा दिया है। छात्रों के रोते बिलखते परिजन सरकारी अस्पताल में भाग दौड़ कर रहे हैं। पुलिस विद्यालय में कैंप कर रही है। बताया जाता है कि भोजन में दूषित पदार्थ मिलाए जाने के कारण भोजन विषाक्त हो गया है। पुलिस विषाक्त पदार्थ का सैंपल जप्त कर ली है। इस घटना की सूचना पाते ही सिविल सर्जन श्रीकांत दुबे भी विद्यालय में पहुंचे और भोजन सामग्री की जांच कर सैंपल लिया तथा पीड़ित छात्रों की जानकारी ली। बताते चले कि इस घटना ने परसा पंचायत के समस्त विद्यालयों में हड़कंप सा मचा दिया है। अभिभावक विद्यालयों में पहुंचकर अपने-अपने बच्चों की जानकारी ले रहे हैं।

बेतिया से आशीष की रिपोर्ट 

Suggested News