भारत बंद में भारी बवाल, बिहार के आरा-भोजपुर में रुक गई ट्रेनों की रफ्तार, आगजनी कर चक्का जाम...

भारत बंद में भारी बवाल, बिहार के आरा-भोजपुर में रुक गई ट्रेन

PATNA: देशभर में भारत बंद का असर सुबह से ही दिखने लगा है। 21 अगस्त यानी आज आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति की ओर से भारत बंद किया गया है। बिहार में भी भारत बंद का असर दिख रहा है। सुबह से ही सड़क पर आगजनी कर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं बिहार के आरा-भोजपुर ट्रेनों की रफ्तार रोक गई है। प्रदर्शनकारी आगजनी कर चक्का जाम कर दिए हैं। 

दरअसल, बिहार के भोजपुर में भारत बंद के समर्थन में विभिन्न दलों के नेताओं ने आरा रेलवे स्टेशन पर चक्का जाम कर दिया है। मैसूर रानी कमलापति सहरसा ट्रेन को रोककर प्रदर्शन किया जा रहा है। इस मौके पर आरपीएफ और जीआरपी पुलिस मौजूद है। पटना में भी प्रदर्शनकारी भारी बवाल काट रहे हैं। जहानाबाद में भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है। सड़कों पर समर्थक जुटे हुए हैं। भारत बंद समर्थकों ने एनएच-83 को ब्लॉक कर दिया है।

सहरसा में भी भारत बंद का असर दिख रहा है। सहरसा के थाना चौक पर भारत बंद के समर्थक जुटना शुरू हो गए हैं और सड़क जाम कर दी है। भीम सेना के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है। वहीं इसी बीच बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा भी हो रही है। ऐसे में छात्रों को परीक्षा केंद्र में पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बता दें कि, सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनुसूचित जाति व जनजाति यानी एससीएटी आरक्षण में क्रीमीलेयर पर दिए गए फैसले के खिलाफ आज कई संगठनों ने भारत बंद का आह्वान किया है। इसके अलावा बसपा और आरजेडी जैसी पार्टियों ने भी बंद का समर्थन किया है। दरअसल, दलित और आदिवासी संगठनों ने हाशिए पर पड़े समुदायों के लिए मजबूत प्रतिनिधित्व और सुरक्षा की मांग को लेकर ये बंद बुलाया है। दलित और आदिवासी संगठनों के राष्ट्रीय परिसंघ (NACDAOR) ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए न्याय और समानता सहित मांगों की एक लिस्ट जारी की है।