पटना में दहेज़ दानवों ने ली नवविवाहिता की जान, बुलेट और पैसे के लिए ले ली जान

PATNA : पटना में एक बार फिर दहेज दानवों की करतूत सामने आई है। ससुराल के लोगों ने दहेज में बाइक और रुपये नहीं देने पर एक नव विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी है। घटना पटना के बिहटा थाना क्षेत्र का है। जहां कुंजवा गांव में शनिवार को दहेज को लेकर एक नव विवाहिता की हत्या कर दी है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक महिला के परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाना ले आयी। मृतक महिला की पहचान मनेर के रतनटोला गांव निवासी दीपेंद्र कुमार सिंह की 20 वर्षीय पुत्री मनीषा देवी के रूप में हुई है। 

बताया जाता है कि रतनटोला गांव निवासी दीपेंद्र कुमार सिंह ने 6 महीना पहले अपनी पुत्री मनीषा देवी की शादी कुंजवा गांव निवासी भरत राय के पुत्र मुन्ना कुमार से धूमधाम से की थी। शादी के कुछ दिनों के बाद से ही ससुराल वाले मनीषा को नई बुलेट बाइक और दहेज में और पैसा की डिमांड करने लगे। जिसको लेकर घर में आए दिन लड़ाई झगड़ा शुरू हो गया। इसी बीच शनिवार को आसपास मनीषा देवी के ससुराल के गांव के लोगो से पता चला कि मनीषा देवी की मौत हो गयी है। 

जिसके बाद महिला के भाई संजय कुमार और मृतक महिला के पिता  दीपेंद्र कुमार सिंह भी कुंजवा गांव पहुंचे। जहां उन्होंने देखा कि घर के अंदर बिस्तर पर मनीषा देवी का शव पड़ा हुआ था। जिसके बाद तत्काल उन्होंने बिहटा पुलिस को सूचना दी। वहीं पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर थाना ले आई। इधर घटना के बाद से ससुराल वाले के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं। बिहटा थानेदार ऋतुराज सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद कुंजवा गांव पुलिस पहुंची और महिला के परिजनों के साथ शव को कब्जे में लेकर थाना ले आयी। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।

पटना से सुमित की रिपोर्ट