PURNIA: पूर्णिया में एक और नव विवाहिता दहेज की बलिवेदी पर चढ़ गई। घटना टिकापट्टी थाना के गोरियर पश्चिम का है। जहां नवविवाहिता की मौत का मामला प्रकाश में आया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों को हत्या का आरोप लगाया है।
दरअसल, घटना के बाबत मृतका खुशबू के परिजनों ने कहा कि खुशबू की शादी 8 जून 2023 को टिकापट्टी के गोडियर निवासी हरेराम महतो से हुई थी। शादी में हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया गया था। इसके बावजूद पति और ससुराल वाले दहेज में मोटरसाइकिल और 3 लाख रुपया देने की मांग को लेकर अक्सर खुशबू को प्रताड़ित करता था।
वहीं इस कारण खुशबू भाग कर अपने मायके चली आई थी। 27 दिसंबर को वे लोग खुशबू के ससुराल जाकर पति और ससुराल वालों को समझा बुझाकर विदागरी दिया था। लेकिन तीन दिन बाद ही 30 दिसंबर की शाम को पति, जेठ, सास और अन्य लोगों ने मिलकर गला दबाकर खुशबू की हत्या कर दी और शव को घर में ही फांसी के फंदे से लटका दिया। ताकि यह खुदकुशी लगे।
घटना की सूचना मिलते ही वे लोग खुशबू के ससुराल पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। इस बाबत पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है । वहीं मृतका की मां ने पति, जेठ, सास समेत पांच लोगों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।