बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में 3 विभूतियों को जयंती पर किया गया याद, शिवानंद तिवारी पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद ने कह दी बड़ी बात

कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में 3 विभूतियों को जयंती पर किया गया याद, शिवानंद तिवारी पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद ने कह दी बड़ी बात

PATNA: बिहार कांग्रेस कार्यालय, यानी कि सदाकत आश्रम में आज का दिन बेहद ही खास है। देश में जहां दो विभूतियों को उनकी जयंती पर स्मरण किया गया। उनके चित्र सहित मूर्तियों पर माल्यार्पण कर सभी गणमान्य सहित माननीयों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं सदाकत आश्रम में 3 लोगों को याद किया गया। यहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 153वीं जयंती, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लालबहादुर शास्त्री जी की 117वीं जयंती और बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष स्व. पंडित प्रजापति मिश्र जी की 123वीं जयंती समारोह मनाई गई।

इस कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह, सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने गांधी जी, शास्त्री जी और प्रजापति मिश्र जी के चित्र और मूर्ति के आगे माल्यार्पण किया साथ ही उन्हें नमन किया। साथ ही वहां मौजूद सभी लोगों ने गांधी और शास्त्री जी के विचारों को आत्मसात कर उन्हें जीवन में उतारने की बातें कही।

देश की आजादी पर दोबार मंडरा रहा खतरा

इस मौके पर संवाददता वंदना से मुखातिब होते हुए प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा आजाद भारत में सांस लेने का सबसे बड़ा योगदान गांधी जी को जाता है। देशवासियों को हम यह संदेश देंगे कि जो आजादी हमें इतनी मश्क्कत से मिली है, उसपर खतरा उत्पन्न हो गया है। उसकी रक्षा के लिए राज्य सहित देश के लोग साथ हो, आगे आएं और देश को सही दिशा में ले जाएं। 

बिहार में सफाई-स्वच्छता की खुल गई कलई

आगे उन्होनें कहा कि हमलोग सफाई-स्वच्छता का ढिंढोरा पीटते हैं, मगर असल हालात क्या हैं, यह रिपोर्ट ने बता दिया। यह दुखद है। बिहार की हालत सरकारी आंकड़ों में क्या है, यह सभी देख रहे हैं। आज देश एकसाथ 3 जयंती मना रहा हैं। इस मौके पर हम यही कहेंगे कि देश सहित राज्य को स्वच्छ बनाने में सभी अपना-अपना योगदान दें।


उपचुनाव को लेकर जल्द घोषित होंगे उम्मीदवार

बिहार में अक्टूबर माह में विधानसभा की दो रिक्त सीटों के लिए उप चुनाव होने वाले हैं। इसको लेकर जहां एनडीए ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।वहीं महागठबंधन की तरफ से अब तक उम्मीदवारों की घोषणा होनी बाकी है। इसको लेकर प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा सहित कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह ने एक सुर में कहा कि अभी अंतिम तिथि आने में काफी वक्त है। 8 अक्टूबर आखिरी तिथि है। हम इससे पहले ही अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर देंगे। इसके लिए आपको चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। कुछ बातें अभी प्रोसेस में है। सभी चीजों पर फैसला होते ही उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया जाएगा।

शिवानंद तिवारी पर भड़क गए सांसद अखिलेश सिंह

कार्यक्रम के उपरांत मीडिया कर्मियों से मुखातिब होते हुए कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह ने कन्हैया कुमार को लेकर कांग्रेस की स्थिति स्पष्ट की। उनसे सवाल किया गया कि बीजेपी लगातार कह रही है कि कन्हैया कुमार डूबती नाव में सवार हो गए हैं। इसको लेकर सांसद ने कहा कि कन्हैया कुमार की चिंता भाजपा को क्यों है? वह अपनी चिंता करें, अपने कर्मों की चिंता करें। देश को वह जिस तरह से बर्बाद कर रहे हैं उसको लेकर ध्यान दें तो बेहतर होगा।

वहीं जब सांसद से कन्हैया कुमार को लेकर सवाल किया गया की महागठबंधन दल के ही दो वरिष्ठ नेता भाई वीरेंद्र और शिवानंद तिवारी भी कह चुके हैं कि वह कन्हैया कुमार को नहीं जानते। यहां तक कि राज्य के कई नेता कन्हैया कुमार को नहीं पहचानते। इस पर सांसद भड़क गए और कहा कि कन्हैया कुमार को बहुत लोग नहीं पहचानते होंगे। शिवानंद तिवारी वरिष्ठ नेता होकर ऐसा कहते हैं तो वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्हें कन्हैया को लेकर ऐसी बयानबाजी नहीं करनी चाहिए।

Suggested News