GAYA : बिहार के गया में कानून व्यवस्था खत्म हो गई है। यहां एक महिला पुलिसकर्मी को उसके ही थाने में घुसकर पिटाई कर दी गई। साथ ही उसके बाल भी खिंचे गए। जिसमें महिला बुरी तरह से चोटिल हो गई। वहीं थाने में हुई इस घटना को लेकर अपनी बदनामी छिपाने के लिए पुलिस इस मामले में पर्दा डालने की कोशिश में लगी रही। फिलहाल, पिटाई से चोटिल महिला को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल महिला पुलिसकर्मी का नाम खुशबू कुमारी बताया गया है।
मामला जिले के मुफस्सिल थाने के जुड़ा है। यहां सिकहर गांव निवासी सुरेश सिंह का गोतिया विभा सिंह से जमीन विवाद चल रहा था, जिस जमीन को लेकर विवाद था, उस पर दूसरा पक्ष भूमि पूजन के लिए पहुंच गया। सुरेश सिंह और उनके परिजनों ने विरोध किया। इस बीच डायल 112 की टीम पहुंची और दोनों पक्ष के बीच किसी तरह से मामले को शांत कराया और चली गई, लेकिन भूमि पूजन फिर शुरू हो गया।इसी, बीच दोबारा मुफस्सिल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सुरेश सिंह के परिजनों और पुलिस के बीच बहस होने लगी। सुरेश सिंह पुलिस पर जमीन कब्जा करवाने का आरोप लगाते हुए वीडियो बनाने लगे। इसी बीच दो लड़कियों ने महिला पुलिसकर्मी को कई थप्पड़ जड़ दिए और उसके बाल पकड़कर खेत में घसीटने लगे।
इधर, मौके से पुलिस फरार हो गई। इसके बाद घायल पक्ष केस दर्ज कराने थाने पहुंचा, तो मुफस्सिल पुलिस भड़क गई। इस बात से गुस्साए घायल पक्ष की महिलाओं ने थाने में घुसकर एक बार फिर से खुशबू कुमारी की पिटाई कर दी और उसके बाल पकड़कर थाने में घसीटने लगे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी के साथ महिलाएं मारपीट करती हुई नजर आ रही हैं।
वहीं, मारपीट का वीडियो हाथ लगने की बात कहने पर मुफस्सिल पुलिस ने 6 लोगों सुरेश सिंह, प्रिंस कुमार, सुमंती देवी, खुशबू कुमारी, गुंजा कुमारी और रिंकी कुमारी के खिलाफ शनिवार को केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वीडियो में महिला पुलिसकर्मी की बाल खींचकर पिटाई करते हुए महिलाएं दिख रही हैं।
थानाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद ने कहा कि पुलिस संबंधित मामले में कार्रवाई कर रही है। केस दर्ज किया गया है। कुछ लोग गिरफ्तार भी किए गए हैं। उन्हें जेल भेजा जा रहा है।
रिपोर्ट; मनोज कुमार