Bihar Government employees Salaries:बिहार के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, छठ के अवसर पर समय से पहले वेतन भुगतान, अकाउंट में सैलरी खटाखट गिरना शुरु
Bihar Government employees Salaries: सरकारी कर्मचारियों और पदाधिकारियों को अक्टूबर माह का वेतन समय से पहले दिया जा रहा है।

Bihar Government employees Salaries:बिहार विधानसभा चुनाव की सियासी सरगर्मी के बीच इस बार छठ महापर्व भी आस्था और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर को ध्यान में रखते हुए सरकारी कर्मचारियों और पदाधिकारियों को अक्टूबर माह का वेतन समय से पहले दिया जा रहा है। सरकार ने वेतन भुगतान की प्रक्रिया 21 अक्टूबर 2025 से शुरू कर दी है।
अमूमन, सरकारी पदाधिकारी और कर्मचारी महीने की 30 तारीख तक वेतन प्राप्त करते हैं, लेकिन इस बार छठ पर्व को दृष्टिगत रखते हुए पहले भुगतान करने का निर्णय लिया गया है। यह लगातार दूसरा महीना है जब सरकार समय से पहले वेतन दे रही है; पिछले महीने भी दुर्गा पूजा और दशहरा के कारण ऐसा किया गया था।
वित्त विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर की ओर से जारी लेटर में बताया गया कि सभी अराजपत्रित और राजपत्रित कर्मचारियों का वेतन संबंधित माह के अंतिम कार्य दिवस पर अनुमानित रूप से भुगतान किया जाता है। लेकिन इस बार छठ पर्व और विधानसभा चुनाव (पहला चरण 6 नवंबर 2025) को ध्यान में रखते हुए वेतन 21 अक्टूबर से भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
लेटर में यह भी स्पष्ट किया गया कि यह कदम बिहार कोषागार संहिता 2011 के नियम 141 और भारत निर्वाचन आयोग की अनापत्ति के अनुरूप उठाया गया है। सभी राज्य और जिला स्तर के अधिकारी, कोषागार पदाधिकारी, विभागाध्यक्ष और स्थानीय आयुक्त को इस भुगतान को समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
छठ महापर्व इस बार 25 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। इसका कार्यक्रम इस प्रकार है:
25 अक्टूबर: नहाय-खाय
26 अक्टूबर: खरना पर्व
27 अक्टूबर: डूबते सूर्य को अर्घ्य
28 अक्टूबर: उगते सूर्य को अर्घ्य, चार दिवसीय पर्व का समापन
इस पहल से सरकारी कर्मचारियों और पदाधिकारियों को पर्व के दौरान आर्थिक राहत मिलेगी और वे पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ उत्सव मना सकेंगे।