विनेश फोगाट के कमाल पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने दी बधाई, कहा- ...सत्ता संरक्षित शक्तिशाली ताकतों से लड़ने-भिड़ने वाली,..देश की चहेती बेटी ..को हार्दिक शुभकामनाएं
पटना- भारत की अनुभवी पहलवान विनेश फोगाट ने इतिहास रच दिया है. वह पेरिस ओलंपिक में रेसलिंग के फाइनल में पहुंच गई हैं. इस जीत के साथ ही विनेश ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वह रेसलिंग के फाइनल में पहुंचने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं. उन्होंने कम से कम अपने लिए सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है, लेकिन वह गोल्ड से कम नहीं चाहेंगी.
विनेश फोगाट के फाइनल में पहुंचते ही भारत का पेरिस ओलंपिक में चौथा मेडल पक्का हो गया है. फोगाट को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बधाई दी है. तेजस्वी ने सोशल साइट एक्स पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा है कि 'हक-अधिकार और न्याय के लिए दिल्ली की सड़कों पर सत्ता संरक्षित शक्तिशाली ताकतों से लड़ने-भिड़ने वाली, विश्व के शीर्ष खिलाड़ियों को धूल चटा दबदबा कायम करने वाली देश की चहेती बेटी विनेश फोगाट को कुश्ती में ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने पर हार्दिक बधाई तथा फाइनल मैच के लिए अग्रिम शुभकामनाएं!'

बता दें विनेश फोगाट उन पांच महिला पहलवानों में से एक हैं जिन्होंने इस साल पेरिस ओलंपिक के लिए क्वॉलिफ़ाई किया है.पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने से पहले उन्होंने भारत में यौन उत्पीड़न के ख़िलाफ़ एक लंबी लड़ाई लड़ी है.पिछले साल भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष रहे बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे थे और कुछ भारतीय पहलवान लगातार बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ अपना विरोध दर्ज करा रहे थे. हालांकि, बृजभूषण इन आरोपों से इनकार करते हैं.साल 2023 में पूरे साल बृजभूषण सिंह के ख़िलाफ़ विरोध चलता रहा. इस दौरान ऐसे दृश्य भी देखने को मिले जो खेल के इतिहास में पहले कभी नहीं देखे गए थे.
पहलवान बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट ने अपने सरकारी सम्मान 'खेल रत्न' और 'अर्जुन पुरस्कार' दिल्ली में फुटपाथ पर छोड़ दिए. दोनों पहलवानों ने पुलिस से इसे प्रधानमंत्री को सौंपने का अनुरोध किया था.विनेश फोगाट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ख़ुला खत लिखा था जिसमें उन्होंने कहा था कि वो मेडल लौटा देंगी.चिट्ठी में उन्होंने कहा था, "इन पुरस्कारों का मेरी ज़िदगी में अब कोई मतलब नहीं रह गया है.मामले में बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ आरोप तय हो चुके हैं और दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने अपनी टिप्पणी में कहा था कि उनके ख़िलाफ़ पर्याप्त सबूत हैं.