बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने राजद पर कसा तंज, कहा जन सरोकार से बेपरवाह राज्य को लूटने का अभियान चला रही पार्टी

नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने राजद पर कसा तंज, कहा जन सरोकार से बेपरवाह राज्य को लूटने का अभियान चला रही पार्टी

PATNA : भाजपा विधानमंडल दल के नेता विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि बिहार को कलंकित करने वालों का सफ़ाया तय है। इन्हें सत्ताच्युत किये बिना बिहार का कल्याण सम्भव नहीं है। सिन्हा ने कहा कि आजादी के अमृत काल में देश साक्षी है कि भाजपा के लिए जनसेवा परम कर्तव्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आर्थिक, सांस्कृतिक औऱ सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए भाजपा दिन रात कार्य कर रही है। सामान्य स्वच्छता अभियान के बाद देश के लाखों मंदिरों के परिसर को स्वच्छ बनाने के विशेष अभियान में प्रधानमंत्री स्वयं झाड़ू लगा रहे हैं। इससे प्रेरणा लेकर करोड़ों देशवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना शुरू कर दिया है।

सिन्हा ने कहा कि बिहारवासियों के लिए संकल्प का दिन है। उन्हें बिहार को कलंकित करने वालों से मुक्ति प्राप्त करने का प्रण लेना होगा। राज्य की जनता देख रही है कि किस प्रकार राजद सुनियोजित ढंग से राज्य के खजाना को लूटने का अभियान चला रहा है। इन्हें जनसरोकार से कोई मतलब नहीं है। सत्ता में बने रहना इनकी पहली और अंतिम प्राथमिकता है। बिहार ने इन्हें 1990 से 2005 की अवधि में झेला है। प्रोफेशनल, व्यापारी, डॉक्टर, इंजिनीयर, छात्र और शिक्षक सभी खराब औऱ ध्वस्त कानून व्यवस्था का शिकार होकर पलायन कर गए। लाखों लोगों ने भाजपा के नेतृत्व में संघर्ष किया। जंगल राज से मुक्ति मिली। सुशासन के लिये भाजपा ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया। पर राजद की फिर से सत्ता में वापसी के बाद बिहार में फिर जंगल राज का उद्भव हुआ।

सिन्हा ने कहा कि भ्रष्टाचार औऱ वंशवाद महागठबंधन के घटक दलों की पूंजी है। जदयू भी इस गठबंधन में कराह रहा है। भाजपा के साथ बिहार में सरकार में रहते हुए जदयू भी विकास की मुख्य धारा में था। पर राजद के साथ जाने पर इन्हें भी भ्रष्टाचार, अपराध औऱ बदहाली का साथी बना दिया गया है। राजद ने जदयू को तोड़ने के लिए भी इंतजाम कर लिया है।

सिन्हा ने कहा की आज के दिन भगवान विष्णु ने असुरों का नाश शुरू किया था। बिहार की जनता भी कमर कस चुकी है। आने वाले समय में राष्ट्रीय जनता दल भी अपने पाप के कारण समाप्त हो जायगी। सिन्हा ने कहा कि सेवा भाव से विहीन लोग केवल मेवा पाने के लिए समझौता करने पर उतारू हैं। उनके इस व्यवहार और विचारधारा को बिहार की जनता भली-भांति समझ चुकी है। ऐसे लोग हमेशा  जनता का विश्वास खो देते हैं।

Suggested News