विशेष राज्य की मांग पूरी नहीं होने के लिए मनमोहन सरकार जिम्मेदार, मोदी सरकार पर निशाना साधनेवालों को चिराग ने दिखाया आईना

PATNA : बिहार को विशेष राज्य की मांग पूरी नहीं होने के लिए राजद सहित प्रदेश की तमाम विपक्षी पार्टियां केंद्र सरकार पर हमलावर है। ऐसे में अब मोदी सरकार के बचाव के लिए खुद चिराग पासवान सामने आ गए हैं। उन्होंने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिलने के लिए पूर्व की मनमोहन सिंह सरकार को जिम्मेदार बताया।
चिराग ने कहा हमलोग भी चाहते हैं कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिले। लेकिन, जो लोग आज केंद्र पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें यह जानकारी होनी चाहिए कि मनमोहन सिंह की सरकार ने ही ऐसा प्रावधान किया था, जिसके बाद किसी राज्य को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया जा सकता है। आज यह लोग हो-हल्ला मचा रहे हैं।
चिराग ने कहा कि हमलोग की मांग रही कि जबतक बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया जाता है, तब तक बिहार को विशेष पैकेज दिया जाए और बजट में बिहार के लिए इस पर ध्यान दिया गया है। आज के बजट में बिहार के लिए सबकुछ है। सड़क, चिकित्सा, शिक्षा, बाढ़, इन्फ्रास्ट्रक्चर को लेकर बिहार के लिए स्पेशल पैकेज दिया गया है। जो कुछ भी मिला है। वह अबतक कभी नहीं मिला है। इसके लिए हमारी पार्टी मोदी सरकार को धन्यवाद करती है।