छपरा. जिले के मढौरा में बदमाशों का हौसले बुलंद है। तम्बाकू के लिए अपराधियों ने युवक को गोली मार दी। गोली युवक के दाहिने हाथ में लगी है। बताया जा रहा है कि अपराधी शराब के नशे में था। फिलहाल घायल युवक खतरे से बाहर है। घटना मढौरा थाना क्षेत्र के बरदहिया की है।
घायल हालत में युवक को स्थानीय मढौरा अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया। यहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। अब छपरा सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। जख्मी युवक मढौरा के बरदहिया निवासी 38 वर्षीय जनार्दन साह बताया जाता है। घटना देर रात्रि की बतायी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार अपराधी शराब का सेवन कर रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने युवक से तम्बाकू मांगा। नहीं देने पर युवक को गोली मार दी। वहीं घटना के बाद मौके पर पहुंची मढौरा पुलिस ने घटनास्थल से घटना में इस्तेमाल की गयी पीस्टल और चोरी की बाइक बरामद की है। पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी में जुट गई है।