NATIONAL NEWS: नहीं रहे रामायण के 'आर्य सुमंत' चंद्रशेखर वैद्य, मुंबई में हुआ निधन

DESK: रामानंद सागर के मशहूर सीरियल रामायण में महाराज दशरथ के महामंत्री आर्य सुमंत का किरदान निभाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता चंद्रशेखर वैद्य का बुधवार को उनके घर में निधन हो गया। वैद्य के निधन से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों में शोक की लहर है। 

ज्ञात हो कि चंद्रशेखर वैद्य का जन्म सात जुलाई 1923 को हैदराबाद में हुआ था। उन्होंने 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन के भी हिस्सा लिया था। चंद्रशेखर अपने दोस्तों की सलाह पर अपनी किस्मत आजमाने मुंबई गये थे। उन्होंने सन 1950 से 1990 तक गेटवे ऑफ इंडिया, बरसात की रात, कटी पतंग, द बर्निंग ट्रेन, नमक हलाल, डिस्को डांसर, शराबी, त्रिदेव जैसी फिल्मों में काम किया। 

चंद्रशेखर वैद्य ने अपने फिल्मी कैरियर में 110 से भी ज्यादा फिल्में की। रामानंद सागर के साथ उनकी अच्छी दोस्ती थी। उनके ही कहने पर चंद्रशेखर वैद्य ने आर्य सुमंत का किरदार निभाया था। चंद्रशेखर रामायण सीरियल के सबसे बुजुर्ग पात्र थे, तब उनकी वक्त 65 साल के करीब थी। आर्य सुमंत के किरदार को काफी लोकप्रियता हासिल हुई थी।